मेरठ में जाट महासभा की 15 नवंबर को राष्ट्रीय संगोष्ठी:सुभारती में जुटेंगे एकत्रित होंगे समाज के 5 हजार लोग

Nov 11, 2026 - 23:16
0
मेरठ में जाट महासभा की 15 नवंबर को राष्ट्रीय संगोष्ठी:सुभारती में जुटेंगे एकत्रित होंगे समाज के 5 हजार लोग
मेरठ में अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की ओर से 15 नवंबर को सुभारती विश्वविद्यालय के मांगल्य प्रेक्षागृह में होने वाली राष्ट्रीय संगोष्ठी की तैयारियां तेज हो गई हैं। संगोष्ठी में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत मुख्य अतिथि होंगे। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 4 से 5 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अमन सिंह ने बताया कि संगोष्ठी में मेरठ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों से समाज के लोग और कार्यकर्ता पहुंचेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति केपी सिंह और प्रवर्तन निदेशालय के पूर्व निदेशक आईपीएस करनैल सिंह शामिल होंगे। महासभा के प्रवक्ता गजेंद्र सिंह पायल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अमन सिंह और संगोष्ठी के संयोजक डॉ. अजय सिंह तोमर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर सभाएं कर लोगों से संपर्क किया जा रहा है। संभल, रामपुर, मुरादाबाद, सहारनपुर और बिजनौर समेत कई जिलों में लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। संगोष्ठी में शिक्षा और संस्कार, बेरोजगारी तथा युवाओं में बढ़ती नशाखोरी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा कृषि को अधिक उपयोगी और उन्नत बनाने, सामाजिक समरसता और आपसी समन्वय को बढ़ावा देने पर विचार किया जाएगा। युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का मुद्दा भी उठेगा। समाज में बढ़ती कुरीतियों, परिवारों में बिगड़ते रिश्तों, विवाह विच्छेद और मृत्यु भोज जैसी परंपराओं पर भी मंथन किया जाएगा। महासभा का कहना है कि युवाओं में नशे की लत का असर केवल उनके भविष्य पर ही नहीं, बल्कि परिवारों के सामाजिक ताने-बाने पर भी पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए समाज के लोगों के बीच विचार-विमर्श किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User