वाराणसी में मुस्लिम महिलाओं ने उतारी श्रीराम की आरती:बोलीं - धर्म बदलने से हमारे पूर्वज नहीं बदलेंगे, भगवान राम की शरण में आने से ही बचेगा परिवार
जब कुछ विदेशी षड्यंत्रकारी भारत की महान सनातन संस्कृति को खत्म करने की साजिश रच रहे हैं और तरह-तरह के भ्रामक नारे लगाकर प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़े कर रहे हैं, तब धर्म और नफरत की दीवारों को तोड़कर काशी की मुस्लिम महिलाओं ने सनातन विरोधियों को करारा जवाब दिया है। विशाल भारत संस्थान एवं मुस्लिम महिला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में दीपावली के अवसर पर लमही के सुभाष भवन में मुस्लिम महिलाओं द्वारा 'श्रीराम महाआरती' का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक और भावुक पल में मुस्लिम महिलाओं ने देश बचाने और आपसी भाईचारे का एक सशक्त संदेश दिया। मुस्लिम महिलाओं ने गाई श्रीराम आरती, हुआ हनुमान चालीसा का पाठ
सुभाष भवन में सैकड़ों की संख्या में जुटी मुस्लिम महिलाओं ने त्रेतायुग की अयोध्या जैसा माहौल जीवंत कर दिया। उन्होंने फूलों और दीपों से सजी सुंदर थालियों में दीपक जलाकर भगवान श्रीराम और माता जानकी की महाआरती उतारी। इस दौरान सबसे विशेष आकर्षण उर्दू में लिखी गई श्रीराम आरती रही, जिसे सभी महिलाओं ने मिलकर पूरे भक्तिभाव से गाया। आरती के पश्चात महिलाओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया, जो देश में एकता, प्रेम और साम्प्रदायिक सद्भावना की एक बेमिसाल नजीर बन गया। राम हमारे पूर्वज, उनसे अलग होना नामुमकिन
मुस्लिम महिला फाउंडेशन की नेशनल सदर नाजनीन अंसारी ने पुरजोर शब्दों में कहा, धर्म बदलने से हम अरबी, तुर्की या ईरानी नहीं हो जाएंगे और न ही हम अरब की संस्कृति को मानेंगे। भारत की भूमि पर रहने वाले हर व्यक्ति के पूर्वज भगवान श्रीराम ही हैं। धर्म तो बदल सकता है, लेकिन पूर्वज और परंपराएं कभी नहीं बदलतीं। जो लोग अपनी असली पहचान छिपाकर विदेशी बनने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें न अरब स्वीकार करेगा और न भारत। जो हमें हमारे पूर्वजों से दूर करे, वही हमारा असली शत्रु है। अब हर परिवार को बचाने के लिए श्रीराम की शरण में आना ही होगा। विश्व शांति और सुखी परिवार के लिए राम का रास्ता जरूरी
विशाल भारत संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ राजीव श्रीवास्तव ने मुस्लिम महिलाओं के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि आज दुनिया में परिवार इसलिए बिखर रहे हैं क्योंकि लोग श्रीराम के आदर्शों और उनके त्याग के रास्ते से भटक गए हैं। विश्व शांति तभी संभव है जब मुस्लिम देश भी राम के त्याग को समझें और अपने बच्चों को उनसे परिचित कराएं। वहीं, डॉ. नजमा परवीन ने वामपंथी विचारधारा पर प्रहार करते हुए कहा कि इतिहास में कई अधर्मी आए पर राम नाम को नहीं मिटा सके। अगर घर-घर में राम की चर्चा होगी, तो हर परिवार सुखी और समृद्ध बनेगा। भारत की संस्कृति से आजादी चाहने वाले रामद्रोहियों के लिए अब इस देश में कोई जगह नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)