काशी में 11 लाख दीपों से जगमगाएंगे 84 घाट:देव दीपावली पर ड्रोन शो, लेजर लाइटिंग और ग्रीन आतिशबाजी; सुरक्षा के लिए 10 जोन बनेंगे
काशी की विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली इस बार और भव्य होगी। गंगा के 84 घाटों से लेकर शहर के 100 से अधिक कुंडों तक दीपों की रोशनी से काशी जगमगाएगी। 24 नवंबर को होने वाले आयोजन में 11 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। आसमान में ड्रोन शो, ग्रीन आतिशबाजी और लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र होंगे। सीएम योगी ने बुधवार को लखनऊ में उच्चस्तरीय बैठक कर 24 नवंबर को होने वाली देव दीपावली और 20 से 23 नवंबर तक आयोजित गंगा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। घाटों पर 11 लाख दीप, आसमान में ड्रोन शो
इस बार देव दीपावली पर सभी पक्के घाटों, गंगा पार रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। खास बात यह है कि दीपोत्सव में महिला स्वयं सहायता समूहों के बनाए दीपक भी शामिल होंगे। 24 नवंबर की शाम सभी घाट दीपों से रोशन होंगे। दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती होगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन और लेजर शो, दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा। नमो घाट से अस्सी तक नावों के लिए बनेगा वन-वे सिस्टम
पिछले वर्षों में नावों पर उमड़ने वाली भीड़ से सबक लेते हुए इस बार नदी में भी खास इंतजाम किए गए हैं। नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन बनाई गई है। नावें नमो घाट से अस्सी की ओर जाएंगी और सामने रेतीले तट की तरफ से वापस लौटेंगी। नदी में डीजल से चलने वाली और दूसरे जनपदों की बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस लगातार निगरानी करेंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन भी सक्रिय रहेगा। सुरक्षा के लिए 10 जोन, 21 सेक्टर और 27 वॉच टावर
लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा जाएगा। सुरक्षा के लिए 27 वॉच टावर, क्यूआरटी, ड्रोन कैमरे, निजी गोताखोर और 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की मदद के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे। पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से लगातार गश्त करेगी। 31 जगह पार्किंग, भारी वाहनों के लिए 7 डायवर्जन
देव दीपावली पर शहर को जाम से बचाने के लिए 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। सीमावर्ती जिलों से आने वाले भारी वाहनों के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए जाएंगे। भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पं. दीनदयाल अस्पताल समेत प्रमुख अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। 20 से 25 नवंबर तक चलेगा सफाई अभियान
मुख्यमंत्री योगी ने 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया है। उन्होंने खास तौर पर कहा कि देव दीपावली की रात दीपदान पूरा होते ही घाटों की सफाई शुरू करा दी जाए, ताकि अगली सुबह गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और ग्रामीण इलाकों में भी विशेष दीपोत्सव की व्यवस्था होगी। 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती होने के कारण गुरुद्वारों में लंगर और कीर्तन की तैयारियां भी समय से पूरी करने को कहा गया है। 20 नवंबर से सजेगा गंगा महोत्सव
गंगा महोत्सव का आयोजन 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा। चारों दिन सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। योगी आदित्यनाथ ने होटल, रेस्टोरेंट और टैक्सी संचालकों से श्रद्धालुओं को उचित दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)