सैंडपेपरगेट पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बनाएगा स्वतंत्र फोरम:2018 की घटना से जुड़े खिलाड़ी-स्टाफ अपनी बात रख सकेंगे; मामले की दोबारा जांच नहीं होगी
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 2018 के सैंडपेपरगेट मामले से जुड़े खिलाड़ियों और स्टाफ को अपनी बात रखने का मौका देने के लिए स्वतंत्र फोरम बनाने का फैसला किया है। CA के अंतरिम चेयरमैन डेविड बून और मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच तीसरे वनडे से करीब एक घंटे पहले इसकी जानकारी दी। बून ने साफ किया कि इस फोरम का मकसद पुरानी घटना की दोबारा जांच करना नहीं है। इसके जरिए घटना से जुड़े लोग अपने अनुभव और नजरिया साझा कर सकेंगे, ताकि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इस विवाद से आगे बढ़ सके। बून बोले- यह अतीत की दोबारा जांच का मंच नहीं बून ने कहा, "क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बोर्ड ने पिछली रात बैठक की और खेल के हित में यह फैसला लिया। हमने चर्चा के बाद एक ऐसा फोरम बनाने पर सहमति जताई है, जहां 2018 में साउथ अफ्रीका की घटनाओं से जुड़े खिलाड़ी और स्टाफ अपने अनुभव साझा कर सकेंगे।" उन्होंने कहा कि करीब एक दशक से यह मामला ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की चर्चा का हिस्सा बना हुआ है। यह कई लोगों के लिए मुश्किल दौर रहा है और इस पर लगातार हो रही बहस खेल का ध्यान भटका रही है। इसलिए अब आगे बढ़ने का समय है। बून के मुताबिक, "यह फोरम अतीत की दोबारा जांच के लिए नहीं है। इसका मकसद उन लोगों को सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल देना है, जो अपनी कहानी साझा करना चाहते हैं। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट तभी मजबूत होगा, जब हम एकजुट रहेंगे।" उस्मान ख्वाजा की किताब के बाद फिर चर्चा में आया मामला CA का यह फैसला उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' के पिछले हफ्ते प्रकाशित होने के बाद आया है। ख्वाजा ने अपनी किताब में 2018 के केपटाउन सैंडपेपरगेट मामले को लेकर कई दावे किए थे। उन्होंने दावा किया था कि इससे पहले पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में भी गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ था और पूरी टीम को इसकी जानकारी थी। ख्वाजा ने यह भी कहा था कि केपटाउन टेस्ट के दौरान वे ड्रेसिंग रूम में कैमरन बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, लेकिन CA की शुरुआती जांच में उनसे पूछताछ नहीं की गई थी। डेविड वॉर्नर ने सोशल मीडिया पर ख्वाजा के दावों का समर्थन किया था। कमिंस ने ख्वाजा के दावों को बताया था गलत ख्वाजा के आरोपों के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने पिछले शुक्रवार को 68 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने ख्वाजा के दावों को पूरी तरह गलत और बेतुका बताया था। इससे पहले तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी गेंद पर सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी होने से इनकार कर चुके थे। चाड सायर्स ने ख्वाजा के दावों का समर्थन किया 2018 में साउथ अफ्रीका दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे तेज गेंदबाज चाड सायर्स ने ख्वाजा के दावों की पुष्टि की थी। उन्होंने बताया था कि पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी उन्हें थी। बैनक्रॉफ्ट के इस्तेमाल के बाद मैदान से सैंडपेपर ले जाने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की थी। सायर्स का मानना था कि पूरी टीम को इस बारे में पता था। उन्होंने यह भी कहा था कि केपटाउन टेस्ट की घटना के बाद ड्रेसिंग रूम में करीब 70 मिनट की बैठक हुई थी। इसमें सामूहिक रूप से जिम्मेदारी लेने के विचार पर चर्चा हुई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)