पति की हत्या के लिए पत्नी ने दी...6 लाख सुपारी:लखनऊ में पुरनिया चौराहे पर पति को मारी थी गोली, प्रेमी सिपाही समेत पांच गिरफ्तार

Nov 18, 2026 - 14:34
0
पति की हत्या के लिए पत्नी ने दी...6 लाख सुपारी:लखनऊ में पुरनिया चौराहे पर पति को मारी थी गोली, प्रेमी सिपाही समेत पांच गिरफ्तार
लखनऊ के अलीगंज में पति की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पत्नी और उसके प्रेमी सिपाही समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने के लिए 6 लाख रुपए की सुपारी दी थी। 28 अक्टूबर की रात पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के नजदीक पति अनुराग शुक्ला पर गोली चलाई गई थी। गोली उनके दाहिने हाथ की बाजू में लगी थी। पुलिस ने मामले में यूपी पुलिस के सिपाही नितिन राणा, मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा और शिवम राजपूत को मेरठ से गिरफ्तार किया। जबकि मुख्य साजिशकर्ता पत्नी आशी मिश्रा को लखनऊ से पकड़ा गया। लाइब्रेरी में हुई थी मुलाकात, 2022 से चल रहा था प्रेम प्रसंग पुलिस के मुताबिक, नितिन राणा यूपी पुलिस में सिपाही है और वर्तमान में रिजर्व पुलिस लाइन लखनऊ में तैनात है। वर्ष 2022 में कपूरथला स्थित मां पब्लिक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उसकी मुलाकात आशी मिश्रा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। वर्ष 2025 में आशी की शादी अनुराग शुक्ला से हो गई, लेकिन शादी के बाद भी नितिन और आशी का संपर्क बना रहा। नितिन ने आशी को अपने नाम से एक सिम कार्ड भी दिया था, जिससे दोनों बातचीत करते थे। पति के दूसरी महिलाओं से बातचीत करने पर रची हत्या की साजिश पूछताछ में सामने आया कि शादी के बाद आशी ने पति का मोबाइल चेक किया था। उसे पता चला कि अनुराग दूसरी महिलाओं से बातचीत करते हैं। इस बात को लेकर उसने नितिन से शिकायत की। इसके बाद दोनों ने अनुराग को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। नितिन ने अपने परिचित शुभम शर्मा और अन्य लोगों से संपर्क किया। अनुराग की हत्या के लिए 6 लाख रुपए में सुपारी तय की गई। इसमें कुछ रकम एडवांस भी दी गई थी। दो दिन पहले की रेकी, फिर पुरनिया में चलाई गोली पुलिस के मुताबिक, साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपी 26 अक्टूबर को लखनऊ आए और अनुराग की गतिविधियों के साथ उनके आने-जाने के रास्तों की रेकी की। इसके बाद 28 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के नजदीक मयंक वशिष्ठ और मनोज राजपूत ने अनुराग पर फायरिंग की। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। मेरठ में दोबारा वारदात की योजना बनाते समय पकड़े गए घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। डीसीपी उत्तरी की स्वाट-सर्विलांस टीम और अलीगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेरठ के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में मलियाना फाटक के पास दबिश दी। यहां से मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा, शिवम राजपूत और सिपाही नितिन राणा को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, आशी मिश्रा को लखनऊ से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल तमंचे को आरोपियों ने रास्ते में कहीं फेंक दिया है। पुलिस उसे बरामद करने का प्रयास कर रही है। फायरिंग में शामिल मनोज राजपूत अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User