हॉकी खिलाड़ी बनने की तैयारी और फिटनेस का अनुशासन:अंतरराष्ट्रीय प्लेयर बनने के लिए रोज 5 घंटे ट्रेनिंग, चोट लगे तो 4-6 महीने पीछे हो सकता है खिलाड़ी
हॉकी में देश का प्रतिनिधित्व करना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना जितना आकर्षक दिखता है, उसके पीछे उतनी ही कठिन मेहनत और अनुशासन होता है। एक खिलाड़ी को तैयार होने के लिए रोज घंटों मैदान पर पसीना बहाना पड़ता है। गेंद और शरीर के बीच तालमेल, स्पीड, स्टैमिना, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर लगातार काम करना होता है। छोटी-सी चोट भी महीनों की मेहनत पीछे कर सकती है। भोपाल में चल रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान दैनिक भास्कर ने ओलिंपियन समीर दाद और हॉकी दिग्गज अशोक ध्यानचंद से जाना कि एक खिलाड़ी किस तरह तैयार होता है, उसकी ट्रेनिंग और दिनचर्या कैसी होती है और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए कितने अनुशासन की जरूरत पड़ती है। खिलाड़ी की रोजाना ट्रेनिंग और फिटनेस का चार्ट ओलिंपियन समीर दाद के मुताबिक, खिलाड़ियों की ट्रेनिंग सुबह करीब ढाई घंटे और शाम को ढाई घंटे चलती है। यानी रोज लगभग पांच घंटे मैदान और फिटनेस पर काम करना पड़ता है। इस दौरान स्किल ड्रिल्स, स्ट्रेंथ, फिटनेस और खेल की बारीकियों पर फोकस किया जाता है। समीर दाद बताते हैं कि हॉकी में सिर्फ गेंद चलाना आना पर्याप्त नहीं है। खिलाड़ी को अपनी बॉडी और बॉल के बीच बेहतर कोऑर्डिनेशन बनाना होता है। इसके साथ स्पीड, स्टैमिना और एंड्योरेंस भी मजबूत करना पड़ता है। चोट खिलाड़ी को 4 से 6 महीने पीछे कर सकती है समीर दाद के मुताबिक, हॉकी में खिलाड़ी को सामान्य स्तर तक पहुंचने के लिए भी लंबी मेहनत करनी पड़ती है। ऐसे में चोट लगना बड़ी चुनौती बन जाता है। किसी खिलाड़ी के घुटने में चोट लग सकती है, किसी का टखना मुड़ सकता है। गेंद लगने या फ्रैक्चर जैसी समस्याएं भी आती हैं। एक गंभीर चोट खिलाड़ी को चार से छह महीने तक पीछे कर सकती है। इसके बावजूद खिलाड़ी इस खेल से जुड़े रहते हैं, क्योंकि उन्हें हॉकी से प्यार होता है और वे इसे एंजॉय करते हैं। खिलाड़ी को दूसरों से पहले खुद से सवाल करना चाहिए: अशोक ध्यानचंद हॉकी में सफलता के लिए अनुशासन और प्रतिबद्धता को अहम बताते हुए ओलिंपियन अशोक ध्यानचंद ने कहा कि खिलाड़ी में सबसे पहले सेल्फ डिसिप्लिन होना चाहिए। उसे हर काम के लिए किसी दूसरे के निर्देश का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि खुद से सवाल करना चाहिए कि वह जो कर रहा है, वह सही है या नहीं। अपने लक्ष्य के प्रति कमिटमेंट और आत्मविश्वास ही खिलाड़ी को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी को यह प्रण लेना होगा कि वह जो हासिल करना चाहता है, उसके लिए पूरी मेहनत करेगा। जब खिलाड़ी, उसके माता-पिता और उसे सहयोग देने वाले लोग उसकी प्रगति देखेंगे, तभी वह बड़े मुकाम तक पहुंच पाएगा। 70 मिनट से बदलकर 3-4 मिनट का खेल, बढ़ा फिटनेस का महत्व अशोक ध्यानचंद ने अपने दौर और आज की हॉकी के बीच आए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पहले खिलाड़ी 11 सदस्यीय टीम के साथ पूरे 70 मिनट मैदान में खेलते थे। अब टीम में 18 खिलाड़ी होते हैं और खिलाड़ियों को कुछ मिनट के अंतराल पर बदला जाता है। एस्ट्रोटर्फ पर खेल की रफ्तार बढ़ी है। पैरों, मांसपेशियों और जोड़ों पर अधिक दबाव पड़ता है। ऐसे में आधुनिक मेडिकल सुविधाएं, फिटनेस और चोट से उबरने की व्यवस्था भी खिलाड़ी की तैयारी का अहम हिस्सा बन गई है। भोपाल की हॉकी विरासत को फिर जिंदा करने की उम्मीद समीर दाद ने बताया कि भोपाल में हॉकी की परंपरा आजादी से पहले से रही है। वरिष्ठ खिलाड़ियों से उन्होंने अहमद शेर खान, मोहम्मद अहमद और कैप्टन गफूर जैसे खिलाड़ियों के किस्से सुने हैं। उनके पिता नियाज दाद और भाई मोहम्मद यूसुफ भी हॉकी खिलाड़ी रहे हैं। परिवार की अगली पीढ़ी में अफान यूसुफ भी हॉकी खेल रहे हैं। हालांकि, बीच में एसोसिएशन से जुड़े विवादों के कारण हॉकी की गतिविधियां कमजोर हुईं, लेकिन अब उन्हें उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट से शहर में खेल के प्रति रुचि फिर बढ़ेगी। स्कूलों से तैयार होगी हॉकी की नई पौध अशोक ध्यानचंद ने कहा कि बड़े खिलाड़ी तैयार करने की शुरुआत स्कूलों से होती है। बच्चों तक खेल सुविधाएं पहुंचाना और उन्हें प्रोत्साहित करना जरूरी है। इसमें अभिभावकों की भूमिका सबसे अहम है। जब माता-पिता को भरोसा होगा कि खेल में भी उनके बच्चे का भविष्य बेहतर हो सकता है, तभी बड़ी संख्या में बच्चे हॉकी की ओर आएंगे। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी से प्रदेश में बढ़ेगा खेल का माहौल भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी आयोजित की जा रही है। इसमें भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। अशोक ध्यानचंद ने आयोजन को मध्यप्रदेश में खेल संस्कृति मजबूत करने की बड़ी पहल बताया। वहीं, समीर दाद को उम्मीद है कि टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ दर्शकों की संख्या भी बढ़ेगी और भोपाल में हॉकी का पुराना माहौल लौटेगा। ये खबर भी पढ़ें… महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत 4-1 से जीता हिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में मेजबान भारतीय टीम ने जीत के साथ अपने अभियान का शानदार आगाज किया। भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को दर्शकों से खचाखच भरे मैदान पर भारतीय बेटियों ने मलेशिया को 4-1 से शिकस्त दी। पूजा साहू प्लेयर ऑफ मैच रहीं।पूरी खबर पढ़ें
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)