लखनऊ में बहनों ने भाइयों को तिलक लगाया:भैया दूज पर बहनों को उपहार दिए; खुशियों और सुरक्षा का संकल्प लिया
भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व भैया दूज बुधवार को लखनऊ में उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। भाइयों ने बहनों को उपहार देकर उनकी खुशियों और सुरक्षा का संकल्प लिया। इंदिरा नगर निवासी महेंद्र पंत ने अपनी तीन बहनों से तिलक लगवाकर भैया दूज का पर्व मनाया। उन्होंने बताया कि बचपन से ही इस त्योहार को मनाते आ रहे हैं। उनकी तीनों बहनों की शादी भी लखनऊ में हुई है। दीप्ति जोशी मयूर विहार, लीला जोशी कल्याणपुर और बिना जोशी इंदिरा नगर में रहती हैं। इस मौके पर परिवार के सदस्यों ने एक साथ मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं। यमराज और यमुना से जुड़ी है मान्यता भैया दूज को भाई दूज, भ्रातृ द्वितीया और यम द्वितीया भी कहा जाता है। यह पर्व दीपावली के बाद कार्तिक शुक्ल द्वितीया को मनाया जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर गए थे। यमुना ने उनका तिलक कर स्वागत किया और भोजन कराया। प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि इस दिन बहन के घर जाकर तिलक करवाने वाले भाई को सुख-समृद्धि और दीर्घायु का आशीर्वाद मिलेगा। तभी से भैया दूज पर बहनें भाइयों को तिलक लगाकर उनकी मंगलकामना करती हैं। खुशियों और सुरक्षा का संकल्प लिया भैया दूज पर बहनें सुबह स्नान कर पूजा की थाली सजाती हैं। इसमें रोली, अक्षत, दीपक, फूल और मिठाई रखी जाती है। भगवान गणेश और विष्णु का स्मरण करने के बाद भाई को शुभ दिशा में बैठाकर माथे पर तिलक लगाया जाता है। इसके बाद अक्षत लगाकर आरती उतारी जाती है और मिठाई खिलाई जाती है। बहनें भाई के सुख, स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करती हैं। वहीं भाई बहनों को उपहार देकर उनके सम्मान, सुरक्षा और सुख का संकल्प लेते हैं। इस पर्व पर बहन के घर जाकर तिलक करवाना और उसके हाथ का भोजन करना शुभ माना जाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)