काशी में देव दीपावली पर पहली बार होगा ड्रोन शो:गंगा पार रेती से लेजर शो देख पायेंगे पर्यटक,DM बोले-10 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान

Nov 19, 2026 - 09:21
0
काशी में देव दीपावली पर पहली बार होगा ड्रोन शो:गंगा पार रेती से लेजर शो देख पायेंगे पर्यटक,DM बोले-10 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान
धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को आयोजित होने वाली देव दीपावली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार देव दीपावली पर वाराणसी में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। गंगा के सभी घाटों पर करीब 11 लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ ही गंगा आरती, लेजर शो, आतिशबाजी और पहली बार ड्रोन शो का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेगा। जिला प्रशासन, पुलिस और श्री काशी विश्वनाथ धाम की ओर से आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। काशी के घाटों पर जलेंगे 11 लाख दीप जिला अधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी देव दीपावली पर बड़ी संख्या में लोग वाराणसी पहुंचेंगे। सुबह श्रद्धालु गंगा में स्नान करेंगे और शाम को घाटों पर होने वाले दीपोत्सव, गंगा आरती और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। सभी घाटों पर दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम होगा, जिसमें करीब 11 लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा सभी घाटों पर गंगा आरती होगी। चेत सिंह किले पर लेजर शो आयोजित किया जाएगा। आतिशबाजी के साथ इस बार ड्रोन शो को भी कार्यक्रम में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देव दीपावली के आयोजन में काशी की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक महत्व और यहां की परंपराओं को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गंगा में बड़ी संख्या में नाव और बजरे चलते हैं, इसलिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस की तैनाती की गई है। घाटों पर लाखों दीप जलाए जाने को देखते हुए अग्निशमन और फायर सेफ्टी से संबंधित व्यवस्थाएं भी की गई हैं। 10 लाख से अधिक लोगों के लिए सुरक्षा का खाका तैयार, 4000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि इस बार देव दीपावली पर 10 लाख से अधिक लोगों के वाराणसी पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सेक्टर और जोनल स्कीम लागू की गई है। आयोजन के दौरान 25 आईपीएस अधिकारी, करीब 50 पीपीएस अधिकारी और लगभग 4000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि आमतौर पर लोग बनारस की तरफ स्थित पक्के घाटों से देव दीपावली देखते हैं और वहां से नाव या बजरे के माध्यम से गंगा नदी में जाते हैं। इस बार रामनगर और चंदौली की तरफ भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नदी के दूसरी तरफ समतलीकरण कराकर लोगों के खड़े होने के लिए इनक्लोजर बनाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु वहां से भी देव दीपावली का आनंद ले सकें। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक इस बार देव दीपावली पर चार प्रमुख कार्यक्रम होंगे। इनमें लेजर शो, आतिशबाजी, ड्रोन शो और गंगा आरती शामिल हैं। ड्रोन शो पहली बार आयोजित किया जाएगा और इसका आयोजन गंगा नदी के बीच में होगा, जिससे दोनों तरफ के लोग इसे देख सकेंगे। उन्होंने बताया कि चेत सिंह किले का फ्रंट रामनगर की तरफ से बेहतर दिखाई देता है। ऐसे में रामनगर की तरफ से लोगों को कार्यक्रम का नजारा और भी बेहतर तरीके से देखने को मिलेगा। नावों के लिए लागू होगा फ्लोटिंग लेन सिस्टम, लाइफ जैकेट अनिवार्य गंगा में नावों और बजरों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए इस बार फ्लोटिंग लेन सिस्टम लागू किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि नावों के आवागमन के लिए नदी में एक लेन व्यवस्था बनाई जाएगी। इसमें सड़क की तरह बीच में डिवाइडर रहेगा। एक तरफ से नावें जाएंगी और दूसरी तरफ से वापस लौटेंगी, ताकि नावों के आपस में टकराने की आशंका न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाव में सवार सभी लोगों के लिए लाइफ जैकेट पहनना 100 प्रतिशत अनिवार्य होगा। जो लोग लाइफ जैकेट नहीं पहनेंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। नावों में ओवरलोडिंग की अनुमति नहीं होगी। ब्रीथ एनालाइजर लेकर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और शराब पीकर नाव चलाने वाले नाविकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था ऐसी कि एक किलोमीटर से ज्यादा नहीं चलना पड़ेगा देव दीपावली पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था भी तैयार की गई है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कोशिश की गई है कि किसी भी व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए एक किलोमीटर से ज्यादा पैदल न चलना पड़े। उन्होंने बताया कि आसपास के जनपदों के लोग भी अपनी छोटी गाड़ियों से देव दीपावली देखने के लिए वाराणसी आ सकते हैं। किसी भी प्रकार का प्रतिबंध नहीं रहेगा। हालांकि देव दीपावली के दिन मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। काशी विश्वनाथ धाम में सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्यम मिश्रा ने बताया कि देव दीपावली को लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरी टीम की ड्यूटी सुनिश्चित कर दी गई है। धाम में साफ-सफाई और सजावट का काम शुरू कर दिया गया है। घाट की तरफ श्रद्धालुओं को मिलने वाली सामान्य सुविधाओं को भी बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि भीड़ प्रबंधन के लिए धाम में एंड-टू-एंड बैरिकेडिंग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। दिव्यांगजनों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए व्हीलचेयर, पीने के पानी और मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। धाम के अंदर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही आतिशबाजी की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। सीईओ ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में सामान्य दिनों में औसतन करीब 1.5 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंचते हैं, जबकि वीकेंड पर यह संख्या दो लाख से अधिक हो जाती है। देव दीपावली के अवसर पर दो से ढाई लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User