किसानों की समस्याओं का जल्द होगा निस्तारण:किसान दिवस में जिलाधिकारी ने दिए अधिकारियों को निर्देश

Nov 19, 2026 - 09:21
0
किसानों की समस्याओं का जल्द होगा निस्तारण:किसान दिवस में जिलाधिकारी ने दिए अधिकारियों को निर्देश
मुरादाबाद में जिलाधिकारी अनुनय झा एवं विधायक कुन्दरकी रामवीर सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने गत किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा की तथा लंबित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। किसान दिवस में किसानों ने गन्ना मूल्य बढ़ाने, सर्किल रेट में वृद्धि, फसल क्षति मुआवजा, विद्युत संबंधी समस्याओं, मनकुआ मकसूदपुर में धान क्रय केंद्र बंद होने, चीनी मिलों द्वारा गन्ने की मैली (जैविक खाद) उपलब्ध न कराने, किसानों के विद्युत बकाया पर घरेलू कनेक्शन काटने, अगवानपुर ओवरब्रिज एवं रामगंगा पुल पर प्रकाश व्यवस्था तथा किसानों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके हर संभव निराकरण का आश्वासन दिया। फसल क्षति मुआवजे के संबंध में इफको टोकियो के प्रबंधक को निर्देशित किया कि जनपद में किसानों की फसल क्षति का सही आंकलन कर निर्धारित समयावधि में मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल क्षति मुआवजे का कोई भी प्रकरण किसी भी स्तर पर लंबित नहीं रहना चाहिए। गन्ना मूल्य भुगतान के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को गन्ने का प्रति कुंतल मूल्य देश में सर्वाधिक मिले, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। मनकुआ मकसूदपुर में धान क्रय केंद्र बंद होने की शिकायत पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्रय केंद्र शीघ्र खुलवाने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद की समस्त चीनी मिलों के प्रबंधकों को किसानों को गन्ने की मैली (जैविक खाद) निःशुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। किसानों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के संबंध में भी जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया। अगवानपुर ओवरब्रिज एवं रामगंगा पुल की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि ओवरब्रिज पर मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है तथा प्रकाश व्यवस्था भी शीघ्र सुनिश्चित कराई जाएगी। विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि किसानों के घरेलू विद्युत कनेक्शन केवल विद्युत बिल का बकाया होने के आधार पर न काटे जाएं। किसान दिवस में एक कृषक द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत बैंकर्स द्वारा ऋण आवेदन को लंबित रखने की शिकायत की गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित आवेदन प्राप्त कर प्रकरण का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विधायक कुन्दरकी रामवीर सिंह ने कहा कि किसानों को देश में सर्वाधिक गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों के समक्ष नियामतपुर इकरोटिया स्थित टोल प्लाजा की समस्या उठाते हुए बताया कि टोल टैक्स बचाने के लिए अनेक वाहन गांव के रास्तों से गुजरते हैं, जिससे गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। उन्होंने ऐसे वाहनों की रोकथाम के लिए गार्डों की व्यवस्था किए जाने की मांग की। साथ ही टोल प्लाजा से 15-20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों को नियमानुसार टोल टैक्स से छूट का लाभ सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, जिला गन्ना अधिकारी सहित विद्युत, जल निगम, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, खाद्य सुरक्षा, इफको टोकियो, खाद्य विपणन, एआर कोऑपरेटिव, एनएचएआई, चकबंदी विभाग के अधिकारी, जनपद की समस्त चीनी मिलों के प्रबंधक तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User