गमछे के फंदे से लटका मिला किसान का शव:परिजन बोले- जमीन के बंटवारे को लेकर चाचा ने मारकर लटका दिया
हरदोई जनपद में कोतवाली देहात क्षेत्र के अंटवा मजरा साहुलपुर गांव में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे 41 वर्षीय गुड्डू का शव गांव के बाहर बाग में गमछे के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। दोपहर करीब 3:00 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।
ग्राम अंटवा निवासी गुड्डू खेती-किसानी करते थे। उनके बेटे ब्रजेश ने आरोप लगाया कि जमीन के बंटवारे को लेकर गुड्डू का उनके चाचा से अक्सर विवाद होता था। ब्रजेश के मुताबिक, 25 अक्टूबर को छोटे ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर गुड्डू से मारपीट की थी। गुड्डू शिकायत लेकर कोतवाली गए थे। दावा किया गया कि वहां सुनवाई नहीं हुई।
ब्रजेश ने बताया कि मंगलवार शाम चाचा और परिवार के अन्य सदस्यों ने पिता गुड्डू और माँ सरोजनी से मारपीट की। इसके बाद गुड्डू घर से चले गए और वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन वे नहीं मिले।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर बाग में गुड्डू का शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम से जांच कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुड्डू के परिवार में पत्नी सरोजनी, दो बेटे ब्रजेश और मंजेश तथा एक बेटी हैं। प्रभारी निरीक्षक के समर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)