रवि किशन पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव का तंज:गोरखपुर में बोले- रील बनाने के बजाय बारिश से हुए नुकसान की भरपाई कराएं सांसद
गोरखपुर पहुंचे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह प्रभारी अभिषेक दत्त ने भाजपा सांसद रवि किशन के बयानों पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने को लेकर रवि किशन की टिप्पणी पर जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी राम मंदिर जाएंगे। लेकिन रवि किशन को उन लोगों के खिलाफ भी आवाज उठानी चाहिए, जिन्होंने राम के नाम पर चंदे और चढ़ावे की लूट की है। उन्होंने कहा कि राम के नाम पर गड़बड़ी करने वालों को जेल भिजवाने की बात भी होनी चाहिए। अभिषेक दत्त ने कहा कि रवि किशन खुद तीन पीढ़ियों से कांग्रेस से जुड़े रहे हैं। वह कहते थे कि उनके दादा भी कांग्रेसी थे, पिता भी कांग्रेसी थे और वह खुद भी कांग्रेस में थे। कांग्रेस पार्टी ने ही उन्हें चुनाव लड़ाया था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव राम मंदिर जाएंगे, लेकिन रवि किशन को राम के नाम पर कथित लूट करने वालों के खिलाफ भी सवाल उठाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि रवि किशन को बहुत ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया जाता। दो घंटे की बारिश में लाखों लोगों का नुकसान गोरखपुर में बारिश और जलभराव की समस्या को लेकर भी कांग्रेस नेता ने रवि किशन को घेरा। अभिषेक दत्त ने कहा कि बारिश के दिनों में वह खुद गोरखपुर में मौजूद थे। जिस जगह को स्पेन जैसा बनाने की बात कही जाती थी, वहां महज दो घंटे की बारिश में लाखों लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने सांसद से सवाल किया कि रील बनाने के अलावा क्या उन्होंने प्रभावित लोगों के नुकसान की भरपाई कराने के लिए कोई कदम उठाया? क्या जिन लोगों का घर और सामान बारिश में प्रभावित हुआ, उन्हें मदद मिली? उन्होंने कहा कि केवल बयान देने से सत्ता नहीं चलती, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना पड़ता है। चंदे और जमीन घोटालों पर योगी सरकार से सवाल पूछने की दी चुनौती अभिषेक दत्त ने कहा कि रवि किशन में हिम्मत है तो उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछना चाहिए कि आखिर वे कौन लोग हैं, जिनके कहने पर चंदे की चोरी, चढ़ावे की चोरी और जमीनों के घोटाले हुए? ऐसे लोगों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है? उन्होंने कहा कि जिस दिन रवि किशन इन मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछेंगे, उस दिन वह उन्हें राम भक्त मानेंगे। हर विधानसभा और ब्लॉक तक पहुंचेगी कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं यूपी प्रदेश सह प्रभारी अभिषेक दत्त ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में लगातार अपना संगठन मजबूत कर रही है। इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र और हर ब्लॉक में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। प्रदेश से जुड़े मुद्दों को जमीनी स्तर से लेकर जिला स्तर तक उठाया जा रहा है। पार्टी जनता के बीच रहकर उनके मुद्दों पर काम कर रही है। सपा के साथ कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस? 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर अभिषेक दत्त ने कहा कि इस पर फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेता करेंगे। जब कांग्रेस के बड़े नेता समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ बैठेंगे, तब बातचीत के बाद सीटों को लेकर औपचारिक घोषणा की जाएगी। फिलहाल सीटों की संख्या को लेकर कोई फैसला घोषित नहीं किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)