AMUSU चुनाव की रंजिश में साइबर वार पर एफआईआर:दूसरे नंबर पर रहे सचिव प्रत्याशी और सहयोगी के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई सामग्री
एएमयू छात्रसंघ चुनाव की तल्खी अब सोशल मीडिया के विवाद में बदल गई है। चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे सचिव प्रत्याशी अहमद फराज रजी और उनके सहयोगी एमडी जौरेज को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट, AI से तस्वीरों से छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणियों का मामला पुलिस तक पहुंच गया है। खास बात यह है कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद साइबर स्तर पर जांच-पड़ताल की। डिजिटल साक्ष्यों के परीक्षण के बाद मंगलवार रात थाना सिविल लाइंस में एफआईआर दर्ज की गई। तीन इंस्टाग्राम पेज से बदनाम करने का आरोप लॉ फैकल्टी के छात्र एमडी जौरेज ने 7 नवंबर को पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने सुनियोजित तरीके से इंस्टाग्राम पर dalal_killer, amuleaks और aisha.23505264 नाम से पेज बनाए। इन पेजों से उनकी और AMUSU चुनाव प्रत्याशी अहमद फराज रजी की तस्वीरों को AI तकनीक से एडिट और मॉर्फ करके आपत्तिजनक व भ्रामक रूप में पोस्ट किया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इन पोस्ट के साथ अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियां की गईं। इसका उद्देश्य उनकी सामाजिक और व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ छात्रसंघ चुनाव को भी प्रभावित करना था। पुलिस में शिकायत की बात पर दी चुनौती तहरीर में आरोप लगाया गया कि amuleaks पेज के संचालक से एफआईआर कराने की बात कही गई तो उसने कथित तौर पर अभद्र भाषा में जवाब दिया और पुलिस से नहीं डरने की बात कही। शिकायतकर्ता ने इस बातचीत का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा है। दो इंस्टाग्राम अकाउंट भी शिकायत में शामिल शिकायत में पूर्व छात्र सलमान अहमद आजमी और तिब्बिया कॉलेज के बीयूएमएस तृतीय वर्ष के छात्र रय्यान अहमद के नाम भी शामिल किए गए हैं। आरोप है कि इनके इंस्टाग्राम अकाउंट dr_salman_azmi और rayyan_ahmad_azmi से AI जनरेटेड तस्वीरें पोस्ट की गईं। इनके जरिए निजी सामग्री प्रसारित कर अभद्र टिप्पणियां की गईं। व्हाट्सएप ग्रुप में भी प्रसारण का आरोप शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम के अलावा व्हाट्सएप ग्रुप में भी निजी तस्वीरें और आपत्तिजनक सामग्री साझा की गई। उसे ब्लैकमेल करने और AMUSU चुनाव के संबंध में अनुचित दबाव बनाने की कोशिश की गई। तहरीर में बीजेपी से धन लेने के प्रयास के जरिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया गया है। साइबर जांच के बाद दर्ज हुआ मुकदमा मामले में पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद साइबर स्तर पर जांच की। उपलब्ध कराए गए स्क्रीनशॉट, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के परीक्षण के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना निरीक्षक अमरेश कुमार त्यागी को सौंपी गई है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के वास्तविक सोशल मीडिया संचालकों की पहचान करने, IP एड्रेस, मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाने की मांग की है। चुनावी नतीजों के बाद सोशल मीडिया पर टकराव AMUSU चुनाव में अहमद फराज रजी दूसरे स्थान पर रहे थे। अब चुनाव से जुड़े चेहरों को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित होने का मामला सामने आने से चुनावी प्रतिस्पर्धा के बाद की खींचतान भी चर्चा में है। हालांकि, सोशल मीडिया अकाउंट के वास्तविक संचालक कौन हैं और आरोपों के पीछे किसकी भूमिका है, यह विवेचना में स्पष्ट होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)