आजमगढ़

Azamgarh News: होली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई,मिलावटी खोया-पनीर व मिठाइयों पर छापा, भारी मात्रा में खाद्य पदार्थ कराया नष्ट

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद में होली पर्व को देखते हुए आम जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में मिलावटी एवं नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सचल दलों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त करते हुए उसे नष्ट कराया। अभियान के क्रम में खाद्य सचल दल ने सेहदा स्थित पनीर एवं खोया भंडारण इकाई पर छापेमारी की। जांच के दौरान पाया गया कि आगरा के एक खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा जनपद में बिक्री के लिए बाहर से लाकर खाद्य पदार्थ संग्रहित किए गए थे। टीम ने मौके से 02 खोया, 01 पनीर, 01 काजू बर्फी एवं 01 स्पेशल बर्फी के नमूने संग्रहित किए।
निरीक्षण में खाद्य पदार्थ अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे मिले तथा मिलावट की आशंका पाए जाने पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य सामग्री को जब्त कर विनष्ट कराया। जब्त खाद्य पदार्थों का विवरण इस प्रकार है—
खोया लगभग 548 किग्रा (अनुमानित मूल्य ₹1,64,400)
पनीर लगभग 149 किग्रा (अनुमानित मूल्य ₹44,700)
काजू बर्फी लगभग 24 किग्रा (अनुमानित मूल्य ₹19,200)
स्पेशल बर्फी लगभग 648 किग्रा (अनुमानित मूल्य ₹99,200)
इन सभी खाद्य पदार्थों को संदिग्ध एवं अस्वच्छ पाए जाने पर विधिक प्रक्रिया के तहत जब्त कर नष्ट किया गया।
इसी क्रम में दूसरे खाद्य सचल दल द्वारा मेंहनगर क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में भी कार्रवाई की गई। बोंगरिया बाजार से बेसन एवं सरसों तेल, गोपालपुर से खोया व छेना मिठाई, खरिहानी से छेना मिठाई, तथा मेंहनगर चौराहे से गुलाब जामुन मिक्स का नमूना संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक चलाए जा रहे विशेष अभियान में कुल 26 छापेमार कार्यवाहियों के दौरान 35 नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं। कार्रवाई में कुल 940 किग्रा खाद्य पदार्थ (मूल्य ₹69,340) जब्त कर सीज किए गए, जबकि 1394 किग्रा खाद्य पदार्थ (मूल्य ₹3,35,000) जब्त कर नष्ट किए जा चुके हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य) आजमगढ़ सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि होली पर्व तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी बेस्ट बिफोर एवं एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें तथा अत्यधिक चमकीली और रंगीन मिठाइयों से बचें।
छापेमार कार्रवाई का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार, गोविन्द यादव, संजय कुमार तिवारी, सुचित प्रसाद, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, अमरनाथ, श्रीमती बेबी सोनम एवं राजीव कुमार सिंह शामिल रहे।
त्योहार के मौसम में खाद्य विभाग की यह सख्ती मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ा संदेश मानी जा रही है, जिससे आम लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!