बार-बार छुट्टी पर जा रही थीं IPS अदिति सिंह, हिमाचल DGP ने जूनियर अफसर को सौंपी कुर्सी

हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रमुख अशोक तिवारी ने 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह की जिम्मेदारियां अस्थायी रूप से एक जूनियर अधिकारी को सौंप दी हैं. आदेश के मुताबिक, अदिति सिंह के बार-बार छुट्टी पर जाने के कारण उनके कार्यालय का कामकाज प्रभावित हो रहा था, जिसके चलते उनकी जगह जूनियर अफसर को बिठा दिया गया है. इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
IPS अदिति सिंह धर्मशाला स्थित राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की नॉर्दर्न रेंज में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर तैनात हैं. आदेश के मुताबिक, अदिति 8 जनवरी से 22 फरवरी के बीच 25 दिनों तक छुट्टी पर रहीं. लगातार अनुपस्थिति के चलते विभागीय कार्यों की निरंतरता प्रभावित होने की बात कही गई है.
अदिति सिंह की मौजूदगी में भी जुड़े रहेंगे जूनियर अफसर
अदिति सिंह का कार्यभार जूनियर HPS अफसर एएसपी ब्रह्म दास भाटिया को अगली सूचना तक सौंप दिया गया है. आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कार्य की निरंतरता बनाए रखने के लिए ब्रह्म दास भाटिया, अदिति सिंह की मौजूदगी में भी प्रशासनिक कार्यों से जुड़े रहेंगे.
डीजीपी के आदेश में यह भी उल्लेख है कि अदिति सिंह दिसंबर में नैनीताल में आयोजित एक आधिकारिक मिड-करियर इंटरैक्शन प्रोग्राम में भाग लेने के कारण भी मुख्यालय से अनुपस्थित रही थीं. विभाग का कहना है कि नियमित उपलब्धता आवश्यक होती है.
8 जनवरी से 22 फरवरी तक कई लीं कई छुट्टियां
आदेश में छुट्टियों का विवरण भी दिया गया है. अदिति सिंह 8 से 11 जनवरी तक आकस्मिक और बीमारी के कारण अवकाश पर थीं. 12 जनवरी को एक दिन का आकस्मिक अवकाश लिया. 16 से 19 जनवरी के बीच तीन दिन का आकस्मिक और एक दिन का बीमारी के कारण अवकाश लिया. इसके बाद 8 फरवरी से 22 फरवरी तक उन्होंने 13 दिन का अवकाश और दो दिन बीमारी के कारण अवकाश लिया.
आदेश में कहा गया है कि बार-बार अवकाश पर जाने से एसपी, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ( SV&ACB ), नॉर्दर्न रेंज, धर्मशाला के कार्यालय के कार्य पर प्रभाव पड़ा है.



