Delhi News: परिवार बना ‘नशा गैंग’, बेटे की गिरफ्तारी से खुला 6 करोड़ी की ड्रग तस्करी का राज

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ट्रांस-यमुना इलाके से एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.022 किलो हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तस्करों की जानकारी जुटाने के लिए दिलशाद गार्डन इलाके में टीम तैनात थी. शाम करीब 3:50 पर टीम ने सेंट्रल पार्क के पास एक युवक को स्कूटी पर आते देखा. पुलिस को देखकर युवक घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा, जिसपर शक होने पर टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने किया खुलासा
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपी की पहचान इमरान उर्फ शेर खान के रूप में हुई. उसकी स्कूटी के हैंडल पर लटके बैग की तलाशी लेने पर दो पॉलिथीन पैकेट मिले जिनमें भूरे और क्रीम रंग का पाउडर था. जांच में यह हेरोइन निकली.
दोनों पैकेटों का कुल वजन 1.022 किलोग्राम पाया गया. जो कमर्शियल मात्रा में आता है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) और 25 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
दिल्ली से गाजियाबाद सप्लाई करने का था आरोपी का प्लान
दिल्ली पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि हेरोइन दिल्ली के रघुवीर नगर से लाई गई थी और इसे गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में सप्लाई किया जाना था. फिलहाल, सप्लायर और रिसीवर की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी का परिवार लंबे समय से नशा तस्करी में शामिल रहा है. उसकी मां पर NDPS एक्ट के पांच केस दर्ज हैं, पिता और बड़ा भाई भी ड्रग मामलों में आरोपी रह चुके हैं.



