Gorakhpur News: कलयुगी मां की ‘कलंक’ कथा, कुल्हाड़ी से काटी 3 साल की बच्ची की गर्दन, जादू-टोना का शक

गोरखपुर में हैवानियत की इंतहा पार कर देने वाली घटना सामने आई है. जिले के उत्तरी ग्रामीण इलाके में एक सौतेली मां ने 3 साल की बेटी की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. बताया गया कि पहली पत्नी की मौत के बाद युवक ने 3 साल की मासूम के लालन-पालन के लिए दो माह पहले दूसरी शादी की थी. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस तंत्र-मंत्र के एंगल से भी जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार, पिपराइच थाना क्षेत्र के इमलिया उर्फ विजहरा में मंगलवार 24 फरवरी की रात 11:00 से 12:00 के करीब त्रिवेणी मौर्य की नव विवाहित पत्नी पूजा मौर्य ने सौतेली बेटी 3 साल की मासूम बच्ची आदित्या उर्फ लाडो को धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से काटकर मौत के घाट उतारा दिया. महिला ने वारदात को जिस कमरे में अंजाम दिया गया है, वहां डबल बेड के ठीक बगल में भगवान की तस्वीरें लगी हैं और पूजा स्थल बना हुआ है. यही वजह है कि पुलिस तंत्र-मंत्र और जादू-टोना एंगल से भी जांच पड़ताल कर रही है.
बच्ची की देखभाल के लिए की थी शादी
बच्ची के पिता त्रिवेणी मौर्य ने बताया कि जनवरी माह में वह बच्ची के लालन-पालन के लिए दूसरी शादी किया था. उसकी बेटी 3 साल की थी उनकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है. त्रिवेणी ने बताया कि उनकी दूसरी पत्नी पूजा मौर्य शाम के बाद कभी कमरे से बाहर नहीं निकलती थी. वह कल रात 11 से 12 बजे के करीब घर के बाहर खड़े थे, इसी दौरान उसे (पत्नी पूजा को) बाहर कर जाते हुए देखा.
नींद में की मासूम की हत्या
त्रिवेणी मौर्य के मुताबिक, उन्होंने उसका पीछा किया जब वह भागने लगी तो शोर मचाया और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद जब वह कमरे में आए, तो उनके होश उड़ गए. उसने उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी थी. बताया गया कि त्रिवेणी ने पहली पत्नी की मौत के बाद 25 जनवरी 2026 को पूजा मौर्या से दूसरी शादी की थी. पहली पत्नी से उसे तीन साल की थी आदित्या उर्फ लाडो थी. घटना के वक्त आदित्या सो रही थी. पूजा ने वारदात को कब अंजाम दिया, उसे जरा भी शोर सुनाई नहीं दिया और न ही इसकी भनक लगी.
पुलिस ने तंत्र-मंत्र के एंगल से शुरू की जांच
वहीं वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग रही आरोपी महिला पूजा मौर्य को पति त्रिवेणी द्वारा शोर मचाने पर गांव वालों ने पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पिपराइच पुलिस और आलाधिकारियों ने आरोपी पूजा मौर्य से पूछताछ की और उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इस घटना के बाद पुलिस घटनास्थल और तमाम साथियों को देखते हुए तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के एंगल से भी जांच पड़ताल कर रही है.
गोरखपुर के चौरीचौरा सर्किल के सीओ रत्नेश्वर सिंह ने बताया, बीती रात एक महिला ने अपनी बच्ची के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया है. पूछताछ में पता चला कि इस महिला की जनवरी माह में शादी हुई थी, उसने अपने 3 साल की सौतेली बेटी की धारदार हथियार से हमला किया है, जिससे उसकी मृत्यु हो गई है.
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार किया बरामद
उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, साथ ही वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस अधिकारी का कहना है कि घटना किन कारणों से की गई है, इसकी जांच की जा रही है. साथ ही मुकदमा दर्ज कर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है.



