Dehradun News: कारगी कूड़ा डंपिंग यार्ड शिफ्टिंग की मांग, देहरादून में महिला कांग्रेस ने घेरा नगर निगम

नगर निगम की लापरवाही से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया. पॉलीथिन में कूड़ा भरकर धरना-प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने स्वच्छ देहरादून के नारों को महज दिखावा करार देते हुए कहा कि शहर भर में कचरे के ढेर लगे हैं, लेकिन कारगी डंपिंग जोन की हालत तो हद से ज्यादा खराब है.
ज्योति रौतेला ने नगर निगम पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कारगी में जिस मकसद से कूड़ा डंपिंग जोन बनाया गया था, वह पूरी तरह नाकाम साबित हो चुका है. उन्होंने कहा कि यह डंपिंग जोन घनी आबादी के बीचो बीच है, जहां बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग रहते हैं. रोजाना कूड़े की वजह से यहां के लोग गंभीर बीमारियों के शिकार हो रहे हैं.
‘कागजों पर कूड़ा प्रोसेसिंग के दावे’
कांग्रेस ने नगर निगम के उस दावे को भी खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि यहां डंप किया गया कूड़ा उसी दिन प्रोसेस करके हटा दिया जाएगा. ज्योति रौतेला ने साफ शब्दों में कहा कि हकीकत कुछ और है. रोजाना कूड़ा तो डाला जा रहा है, मगर न तो उसकी प्रोसेसिंग हो रही है और न ही समय पर सफाई. जिसके नतिजन कारगी डंपिंग जोन अब कूड़े के पहाड़ में बदल चुका है.
‘जनता की समस्याओं पर सरकार और नगर निगम गंभीर नहीं’
कांग्रेस का आरोप है कि इस मसले को लेकर चार महीने पहले मेयर सौरभ थपलियाल और जिलाधिकारी सविन बंसल को ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. महिला कांग्रेस का कहना है कि प्रशासन की यह खामोशी साफ बयां करती है कि सरकार और नगर निगम जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं.
‘डंपिंग जोन नहीं हटा तो तेज होगा आंदोलन’
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि अगर कारगी कूड़ा डंपिंग यार्ड को जल्द शिफ्ट नहीं किया गया तो आंदोलन और जोर पकड़ेगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के स्वास्थ्य और हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी. जरूरत पड़ी तो यह मुद्दा सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाएगा.



