‘भगवा अटैची’ में वित्त मंत्री दीया कुमारी पेश करेंगी राजस्थान का बजट, CM भजनलाल ने दी बधाई

राजस्थान में बुधवार (11 फरवरी) को भजनलाल शर्मा सरकार का तीसरा सालाना बजट पेश होने जा रहा है. प्रदेश की डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दीया कुमारी वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगी. वो सदन में सुबह 11 बजे अपना लगातार तीसरा बजट पेश करेंगी. बजट के पिटारे में क्या होगा इसे लेकर लोग उत्साह के साथ उम्मीद लगाए बैठे हैं. सीएम शर्मा ने कहा कि कल का दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है.
सीएम भजन लाल शर्मा ने उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दीया कुमारी और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा, ”सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करता यह बजट राजस्थान की प्रगति का सशक्त रोडमैप साबित होगा. यह बजट राजस्थान के स्वर्णिम भविष्य की सुदृढ़ आधारशिला सिद्ध होगा.”
कल का दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करता ‘विकसित राजस्थान @ 2047’ का यह बजट प्रदेश की प्रगति का सशक्त रोडमैप सिद्ध होगा।
आस्था को सम्मान, अंत्योदय को संबल और अर्थव्यवस्था को नई… pic.twitter.com/pkeRskcYFd
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) February 10, 2026
दीया कुमारी ने सीएम से की मुलाकात
वहीं, राजस्थान बजट 2026-27 को अंतिम रूप दिए जाने के बाद डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने मंगलवार (10 फरवरी) को सीएम दफ्तर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की.
राजस्थान बजट 2026-27 को अंतिम रूप दिए जाने के पश्चात आज मुख्यमंत्री कार्यालय में माननीय मुख्यमंत्री श्री @BhajanlalBjp जी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर प्रमुख शासन सचिव (वित्त) श्री वैभव गालरिया जी, शासन सचिव वित्त (व्यय) श्रीमती टीना सोनी जी, शासन सचिव वित्त (बजट) श्री राजन… pic.twitter.com/McIQCmDxwh
— Diya Kumari (@KumariDiya) February 10, 2026
बजट समावेशी होगा और सभी क्षेत्रों को कवर करेगा- प्रेम चंद बैरवा
उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने जानकारी देते हुए कहा, ”दीया कुमारी की ओर से पेश किया जाने वाला बजट समावेशी होगा और सभी क्षेत्रों को कवर करेगा.” उन्होंने ये भी कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारकर जनता तक उसका फायदा पहुंचाना है.
बजट में समाज के हर वर्ग का ख्याल- प्रेम चंद बैरवा
राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने आगे कहा, ”राजस्थान में जब से बीजेपी सरकार बनी और सीएम भजनलाल शर्मा ने कार्यभार संभाला, तब से अब तक दो बजट पेश किए जा चुके हैं. दोनों बजटों में समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए प्रावधान किए गए. शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, युवा, महिला और बुनियादी ढांचे के विकास पर खास जोर दिया गया.”
युवाओं, किसानों, महिलाओं के हित में होगा बजट- मदन राठौर
वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर ने कहा, ”बजट युवाओं, किसानों, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के हित में होगा. यह भजनलाल सरकार का तीसरा बजट होगा जो राज्य के समग्र विकास के लिए समर्पित है. बजट समावेशी होगा और युवाओं, किसानों, महिलाओं और आम जनता के हित में होगा.”



