खेजड़ी बचाओ आंदोलन को गैंगस्टर रोहित गोदारा का समर्थन, ‘राजस्थान में कर्फ्यू की स्थिति ला देंगे’

बीकानेर में चल रहे खेजड़ी बचाओ आंदोलन को लेकर अब गैंगस्टर रोहित गोदारा की सोशल मीडिया पोस्ट ने हलचल मचा दी है. रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पोस्ट पर चेतावनी देते हुए लिखा है कि हमारा वादा है अगर सरकार मांगें नहीं मानती है राजस्थान में कर्फ्यू की स्थिति ला देंगे. गैंगस्टर रोहित की इस पोस्ट में सरकार और पुलिस को भी खुली चुनौती दे दी है.
पर्यावरण की रक्षा के लिये किसी भी हद तक जाएंगे-रोहित गोदारा
गैंगस्टर रोहित गोदारा ने फ़ेसबुक पोस्ट के माध्यम से खेजड़ी बचाओ आंदोलन का समर्थन किया है. गैंगस्टर ने लिखा, ”मैं आपको बता दूं कि अगर राजस्थान सरकार हमको न्याय देती है, हमारी सारी मांगें मान लेती है तो ठीक है. नहीं तो फिर इतना आपसे हमारा वादा रहेगा कि राजस्थान में कर्फ्यू की स्थिति ला देंगे. देश की मिट्टी की लाज बचाने और पर्यावरण की रक्षा के लिये हमें किसी भी हद तक जाना पड़ा तो हम पीछे नहीं हटेंगे.”
खेजड़ी को लेकर पिछले कई दिनों से प्रदर्शन जारी
आपको बता दें कि इस वक़्त बीकानेर में ‘खेजड़ी बचाओ आंदोलन’ चल रहा है. जहां पर स्थानीय लोगों की ओर से पिछले कई दिनों से धरना प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इस इलाक़े में सोलर प्लांट लाने से पेड़ों की कटाई हो रही है, जिसे तुरंत रोका जाए, ऐसे में मांगें नहीं मानने के चलते आंदोलन चल रहा है. हालांकि राज्य सरकार की ओर से इस मामले में विधिक राय लेकर क़ानून बनाने की भी चर्चा है.
खेजड़ी के पौधे पश्चिमी राजस्थान में अधिक संख्या में पाए जाते हैं. ये एक ऐसा पेड़ है जो रेगिस्तान में विषम परिस्थिति वाले वातावरण में भी टिका हुआ रहता है. थार रेगिस्तान के जिलों और शेखावाटी क्षेत्र में सबसे अधिक संख्या में मिलते हैं. ये पेड़ ऐसी जगहों पर भी उग आते हैं जहां की मिट्टी सूखी होती है और उसमें नमी की मात्रा कम रहती है. ये मिट्टी को बांधे रखने में मदद करते हैं. सूखे के वक्त ये पेड़ काफी फायदेमंद होते हैं.



