सचेंडी में विवाहिता का शव फंदे पर मिला:आठ माह पहले हुई थी शादी, विवाद के चलते मायके में रह रही थी
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के पलरा गांव में देर शाम मायके में रह रही 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में पंखे के सहारे साड़ी से बने फंदे पर लटका मिला परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल विवाहिता की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। जानकारी के मुताबिक, पलरा गांव निवासी बाबूराम खेती-किसानी करते हैं। उनके परिवार में पांच बेटियां और दो बेटे हैं। रुचि (22)उनकी सबसे छोटी बेटी थी। उसकी शादी मार्च 2026 में साढ़ थाना क्षेत्र के लक्ष्मण खेड़ा गांव निवासी सौरभ के साथ हुई थी। शादी के बाद शुरुआती करीब दो महीने तक वह ससुराल में रही। इसके बाद मई से वह अपने मायके में पिता के साथ रह रही थी। बुधवार सुबह घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान रुचि घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में पहुंच गई। कुछ देर बाद जब परिजन घर पहुंचे तो कमरे में उसका शव पंखे के सहारे साड़ी से बने फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर सचेंडी पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति देखने के साथ ही परिजनों से पूछताछ कर रुचि के मायके में रहने और घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई। उधर, फॉरेंसिक टीम ने कमरे और आसपास के स्थानों से साक्ष्य एकत्र किए, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा सके। रुचि की शादी को अभी करीब आठ महीने ही हुए थे। शादी के महज दो महीने बाद से उसका मायके में रहना और अब संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत होना कई सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में मायके में रह रही थी और घटना से पहले परिवार में कोई विवाद या अन्य परेशानी थी या नहीं, इसकी पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)