मुस्लिम भाई के घर पहुंचीं मंत्री गुलाब देवी, मनाया भाई-दूज:संभल में 25 साल से निभा रहे भाई-बहन का रिश्ता, उपहार में 1000 रुपए मिले
संभल की चंदौसी विधानसभा से BJP विधायक और माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने अपने मुंहबोले भाई कांग्रेस नेता सलीम सैफी के साथ भाई दूज का त्योहार मनाया। दोनों के बीच करीब 25 साल पुराना भाई-बहन का रिश्ता है। राजनीतिक विचारधारा अलग होने के बावजूद दोनों का रिश्ता आज भी कायम है। भाई के घर पहुंचकर मनाया त्योहार बुधवार शाम करीब 5:15 बजे राज्यमंत्री गुलाब देवी चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के जारई गेट स्थित सलीम सैफी के घर पहुंचीं। शाम करीब छह बजे उन्होंने गोला और मिठाई देकर भाई दूज की रस्म निभाई। भाई सलीम सैफी ने बहन को उपहार में 1000 रुपए और मिठाई भेंट की। गुलाब देवी ने बताया कि वह एक दर्जन अन्य मुस्लिम भाइयों के साथ भी भाई दूज का त्योहार मनाती हैं। बोलीं- हमारी पार्टी में कोई भेदभाव नहीं गुलाब देवी ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी की सदस्य हैं। उनकी पार्टी में किसी तरह का भेदभाव नहीं होता है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सामूहिक विवाह योजना के तहत 40 से अधिक मुस्लिम बहनों की शादी कराई गई। प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन और शौचालय योजना का लाभ भी हर जाति और मजहब के पात्र लोगों को मिला है। मंत्री ने कहा कि वह भाई दूज मनाने अपने भाई के घर आई हैं। सलीम सैफी के साथ उनका 25 साल पुराना रिश्ता है। वह हर त्योहार और पारिवारिक कार्यक्रम में भाई होने का फर्ज निभाते हैं। अलग-अलग दलों में होने के बाद भी कायम है रिश्ता गुलाब देवी और सलीम सैफी के बीच भाई-बहन का रिश्ता करीब 25 साल पुराना है। दोनों पहले कांग्रेस में साथ थे, लेकिन अब अलग-अलग राजनीतिक दलों में हैं। इसके बावजूद उनके रिश्ते में कोई कमी नहीं आई है। गुलाब देवी अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। वह हर साल रक्षाबंधन पर सलीम सैफी को राखी बांधती हैं। दोनों होली, दिवाली और ईद जैसे त्योहार भी साथ मनाते हैं। सलीम सैफी ने भी भाई का फर्ज निभाते हुए गुलाब देवी की तीनों बेटियों की शादी में भात देने की रस्म निभाई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)