लक्ष्मी ने सुधा के स्कूल में घुसकर की थी मारपीट:स्कूल का रजिस्टर फाड़ा, गोंडा में मुकदमा दर्ज कराया गया था
गोंडा के नवाबगंज शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय हरिवंशपुर में तैनात रहीं शिक्षिका सुधा यादव की बस्ती में पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में नया खुलासा हुआ है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे सामने आए एक वीडियो में शिक्षिका सुधा यादव और महिला कांग्रेस मोर्चा की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी यादव स्कूल परिसर में एक-दूसरे से मारपीट करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच विवाद काफी समय से चल रहा था। हत्या से पहले 25 सितंबर 2025 को भी गोंडा के कंपोजिट विद्यालय हरिवंशपुर में दोनों के बीच मारपीट हुई थी। आरोप है कि इसी विवाद ने बाद में गंभीर रूप ले लिया। स्कूल में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप जानकारी के मुताबिक, 25 सितंबर 2025 को लक्ष्मी यादव अपने साथी दीनानाथ के साथ कंपोजिट विद्यालय हरिवंशपुर पहुंची थीं। आरोप है कि उन्होंने स्कूल में घुसकर शिक्षिका सुधा यादव के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इस दौरान विद्यालय का रजिस्टर भी फाड़ दिया और जाते समय जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में शिक्षिका सुधा यादव ने नवाबगंज थाने में लक्ष्मी यादव और उनके साथी दीनानाथ के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने 26 सितंबर 2025 से मामले की जांच शुरू कर दी थी। लक्ष्मी ने भी दर्ज कराई थी शिकायत मुकदमा दर्ज होने के बाद 28 सितंबर 2025 को लक्ष्मी यादव ने भी नवाबगंज थाने में तहरीर दी थी। इसमें उन्होंने सुधा यादव और उनके पति सुधा शंकर पर आरोप लगाया था कि स्कूल में इन लोगों ने उनके साथ डंडे से मारपीट की और बाल खींचे। लक्ष्मी ने आरोप लगाया था कि सुधा यादव ने फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी हासिल की थी। इस मामले में उन्होंने बस्ती की सीजेएम कोर्ट में वाद भी दायर किया था। अदालत ने बीएसए गोंडा से रिकॉर्ड तलब किया था। लक्ष्मी का आरोप था कि इसी मामले को लेकर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी कहा था कि वह कोल्हमपुर मंदिर में दर्शन करने गई थीं। वहां से लौटते समय रास्ते में स्कूल के पास उन्हें पकड़कर मारपीट की गई थी। पुलिस और बीएसए ने क्या कहा? नवाबगंज थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि पुराने मुकदमे में पुलिस जांच कर रही है। शिक्षिका सुधा यादव का बयान दर्ज हो चुका है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षिका की हत्या की जानकारी उन्हें भी मिली है। इस संबंध में बस्ती पुलिस से रिपोर्ट मांगी जाएगी। गोंडा के बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि 25 सितंबर को स्कूल में घुसकर लक्ष्मी यादव ने शिक्षिका सुधा यादव के साथ मारपीट की थी। इस मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस इसकी जांच कर रही थी। दोनों के बीच आपसी विवाद भी चल रहा था। उन्होंने कहा कि बस्ती में शिक्षिका की हत्या की सूचना मिली है। यह बेहद दुखद है। पूरा बेसिक शिक्षा विभाग पीड़ित परिवार के साथ है। विभाग ने बस्ती पुलिस से बातचीत कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)