सीतापुर में बुलेट- स्प्लेंडर की टक्कर में युवक की मौत:चार घायलों का इलाज जारी, दोनों बाइक पर नंबर प्लेट नहीं
सीतापुर के रामकोट थाना इलाके में बुलेट और स्प्लेंडर प्लस की आमने-सामने टक्कर में घायल पांच लोगों में से एक युवक की गुरुवार रात करीब 8 बजे लखनऊ ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसा बुधवार रात करीब 9 बजे कनवाखेड़ा मार्ग पर लालपुर मोड़ के पास हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए थे। हादसे में दोनों वाहनों पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हैरानी की बात यह रही कि दोनों ही मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जानकारी के अनुसार, बुलेट पर सवार रहमान (22) पुत्र मोहम्मद हनीफ, मोहम्मद फिरोज (25) पुत्र शाहरुख और फहीम (19) पुत्र न्यासिन निवासी बबौना, थाना मितौली, जिला लखीमपुर खीरी घायल हो गए थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार राजेश (35) पुत्र चेतराम निवासी सुकालीपुर, थाना रामकोट और उनके साले किशोर (36) पुत्र राम प्रसाद निवासी सरैया, थाना मछरेहटा भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। रामकोट पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान गई जान किशोर की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। वहां गुरुवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया रामकोट थाना प्रभारी पीयूष सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)