जूते के रुपए मांगने पर कारोबारी के बेटे की हत्या:गाजीपुर में पुरानी रंजिश में बाइक में मारी टक्कर, फिर 3 राउंड फायरिंग

Nov 11, 2026 - 12:17
0
जूते के रुपए मांगने पर कारोबारी के बेटे की हत्या:गाजीपुर में पुरानी रंजिश में बाइक में मारी टक्कर, फिर 3 राउंड फायरिंग
गाजीपुर के मिश्र बाजार में मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे जूता-चप्पल कारोबारी मोहम्मद दाऊद के बेटे मोहम्मद कौसेन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पिता ने शुभम चौबे पर पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, कौसेन अपने दोस्त के साथ समोसे के ठेले पर रुका था। इसी दौरान आरोपी चारपहिया वाहन से पहुंचा और बाइक में टक्कर मारने के बाद तीन राउंड फायरिंग की। गोली लगने से घायल कौसेन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे दैनिक भास्कर की टीम लोटन इमली पुलिस चौकी के पास मुक्तिपुरा स्थित कौसेन के घर पहुंची। यहां पिता मोहम्मद दाऊद ने बताया कि शुभम पहले उनकी रौजा स्थित जूते-चप्पल की दुकान पर आता था। वह तीन-चार जोड़ी जूते ले गया, लेकिन रुपये नहीं दिए। बाद में दोबारा जूते लेने पहुंचा तो कौसेन ने मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद शुभम ने खर्चे के नाम पर रुपये मांगे और फिर 20 हजार रुपये देने का दबाव बनाया। कौसेन ने इसकी जानकारी पिता को दी तो उन्होंने रुपये देने से मना कर दिया। दाऊद का आरोप है कि इसी बात को लेकर शुभम उनके बेटे से रंजिश रखने लगा था। पहले भी मारपीट और धमकी देने का आरोप दाऊद के मुताबिक, 8 मई 2025 को शुभम ने करीब 16-17 लड़कों के साथ मिलकर कौसेन की पिटाई की थी। कौसेन ने उस समय पिता को इसकी जानकारी नहीं दी। पिता ने बताया कि अगले दिन 9 मई को शुभम ने झुन्नुलाल चौराहे पर कौसेन को रोका और पिछली मारपीट का जिक्र करते हुए रुपये मांगे। कौसेन के मना करने पर शुभम ने कट्टा निकाल लिया। इसी दौरान वहां मौजूद शिवम राय से उसकी हाथापाई हुई और गोली चल गई। दाऊद का दावा है कि बाद में शुभम ने पुलिस को दिए बयान में कौसेन और शिवम राय पर उसे गोली मारने का आरोप लगाया था, जबकि कथित बयान में शिवम राय का नाम था, कौसेन का नहीं। पुलिस को दी थी जान के खतरे की सूचना दाऊद ने बताया कि फरवरी या मार्च 2026 में उन्होंने कोतवाली और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर बेटे की जान को खतरा होने की शिकायत की थी। उनका आरोप है कि शुभम अक्सर तीन-चार बाइकों से उनकी दुकान के सामने आता था और आसपास चार-पांच चक्कर लगाने के साथ लगातार हॉर्न बजाता था। उन्हें आशंका है कि मंगलवार को कौसेन के दुकान से निकलने की जानकारी किसी ने आरोपी को दी होगी। पिता के मुताबिक, मंगलवार को कौसेन उनके साथ दुकान गया था। शाम करीब 4:15 बजे दुकान पर सामान रखने के बाद वह कुछ देर बैठा। इसके बाद थकान होने की बात कहकर घर के लिए निकल गया। रास्ते में चंदन नगर निवासी उसका दोस्त हर्ष राय भी साथ था। समोसे के ठेले के पास बाइक में मारी टक्कर दाऊद ने बताया कि कौसेन अपने दोस्त हर्ष राय के साथ मिश्र बाजार स्थित काली माता मंदिर के पास समोसे के ठेले पर रुका था। दोनों समोसा खाने के बाद बाइक पर बैठने ही वाले थे कि शुभम चौबे चारपहिया वाहन से वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने बाइक में टक्कर मार दी। इससे कौसेन और उसका दोस्त पास में खड़े ऑटो से जा टकराए और सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपी वाहन से उतरा और तीन राउंड फायरिंग की। दाऊद के मुताबिक, एक गोली कौसेन की गर्दन और दूसरी पेट में लगी। पिता ने बताया कि गोली चलाने के बाद आरोपी चारपहिया वाहन से भाग निकला। घायल कौसेन ने उठकर करीब 20 मीटर तक उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन स्टेट बैंक के पास गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह कुछ मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा और अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाता रहा। इस दौरान वह लगातार शुभम चौबे का नाम ले रहा था। दाऊद के अनुसार, पास में चाट-फुलकी की दुकान लगाने वाला दुकानदार उस समय बर्तन धो रहा था। जब उसने देखा कि घायल की मदद के लिए कोई आगे नहीं आ रहा है तो वह उसके पास पहुंचा। इसके बाद आसपास के लोग भी जुट गए और एंबुलेंस को सूचना दी गई। कौसेन को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दाऊद ने आरोप लगाया कि शुभम के खिलाफ गाजीपुर से वाराणसी तक 15 से 20 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें छिनैती, मारपीट और हत्या से जुड़े मामले भी शामिल होने की जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडे से भी शुभम के संपर्क होने का आरोप लगाया। वहीं, सोशल मीडिया पर कौसेन के कटरा गैंग से जुड़े होने की चर्चाओं को पिता ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि उनके बेटे का कटरा गैंग से कोई संबंध नहीं था। पिता ने बताया कि घटना के बाद शुभम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह हाथ में असलहा लेकर हवाई फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और इसकी जांच होनी चाहिए। हालांकि, वीडियो कब का है और इसकी घटना से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी। दोस्त की पिटाई और कौसेन की गाड़ी तोड़ने का भी आरोप दाऊद ने एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए बताया कि कौसेन का दोस्त आदित्य अक्सर उसकी गाड़ी लेकर जाता था। कुछ दिन पहले वह गाड़ी लेकर शुभम के घर के पास से गुजर रहा था। आरोप है कि शुभम ने उसे रोककर पूछताछ की और मारपीट की, जिससे आदित्य के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। पिता के मुताबिक, आदित्य अभी अस्पताल में भर्ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद शुभम ने कौसेन की गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दी। बुधवार को वह कोतवाली से गाड़ी छुड़ाकर लाए। दाऊद ने यह भी आरोप लगाया कि आदित्य को गोली मारने की धमकी दी गई थी। मां बोलीं- अब परिवार की सुरक्षा कौन करेगा कौसेन की मां रोती-बिलखती रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि शुभम पहले उनके बेटे से साथ मिलकर मारपीट करने की बात कहता था, लेकिन कौसेन ने ऐसा करने से मना कर दिया था। इसके बाद उसे ही निशाना बनाया गया। मां ने गोरा बाजार चौकी इंचार्ज शिवाकांत मिश्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वह उनके बेटे को अपना भांजा मानते थे। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। मां ने रोते हुए कहा कि जवान बेटे को खोने के बाद अब उन्हें परिवार के दूसरे सदस्यों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। डीआईजी ने देर रात घटनास्थल का किया निरीक्षण घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार देर रात वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और देर रात तक कोतवाली में मृतक के परिजनों से बातचीत कर घटनाक्रम की जानकारी ली। परिजनों ने इस दौरान पहले से खतरे की शिकायत देने और आरोपी की गतिविधियों के बारे में पुलिस को जानकारी दिए जाने की बात भी रखी। चार पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर शुभम चौबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। एसओजी, सर्विलांस और अन्य पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दावा है कि शुभम के कथित बयान में शिवम राय का नाम है, कौसेन का नहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User