जालौन में धान की खरीद शून्य मिली:डीएम ने केंद्र प्रभारियों से जवाब मांगा, ज्वार और बाजरे की खरीद भी धीमी

Nov 04, 2026 - 16:05
0
जालौन में धान की खरीद शून्य मिली:डीएम ने केंद्र प्रभारियों से जवाब मांगा, ज्वार और बाजरे की खरीद भी धीमी
जालौन में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कृषि उपज की खरीद सुनिश्चित कराने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में धान, ज्वार और बाजरा खरीद की केंद्रवार समीक्षा की। इस दौरान धान खरीद की प्रगति शून्य मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित क्रय केंद्र प्रभारियों से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने सभी क्रय केंद्रों को तत्काल सक्रिय कर किसानों से निर्धारित समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू कराने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में खाद्य विपणन अधिकारी रुचिता ओमर ने बताया कि शासन ने धान कॉमन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया है। जनपद में धान खरीद के लिए 800 मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए उरई, जालौन और माधौगढ़ में क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, लेकिन समीक्षा के समय तक किसी भी केंद्र पर खरीद शुरू नहीं हुई थी। इस पर डीएम ने संबंधित प्रभारियों से जवाब मांगते हुए तत्काल खरीद शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं ज्वार खरीद के लिए 14,500 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष जिले में 12 क्रय केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन अब तक महज 849 कुंतल ज्वार की खरीद हो सकी है। छह केंद्रों पर अभी तक खरीद शुरू नहीं हुई है। शासन ने ज्वार हाइब्रिड का समर्थन मूल्य 4023 रुपये और मालदण्डी का 4073 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया है। इसी तरह बाजरा खरीद के लिए 3000 मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है। जिले में 12 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, लेकिन अब तक केवल 32.50 कुंतल बाजरे की खरीद हुई है। बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2900 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित है। धीमी खरीद पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सभी केंद्रों को पूरी क्षमता से संचालित करने और खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना शासन की प्राथमिकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User