भास्कर अपडेट्स:तमिलनाडु के चेंगलपट्टू में वैन और बस की टक्कर, 3 महिलाओं की मौत; 20 घायल
तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले में शुक्रवार को कर्मचारियों से भरी टूरिस्ट वैन पलटकर सामने से आ रही सरकारी बस से टकरा गई। हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 20 घायल हो गईं। पुलिस के मुताबिक, वैन में सवार कर्मचारी महाबलीपुरम से केलंबक्कम की एक कंपनी में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। उसे बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। बस तिरुपोरूर से महाबलीपुरम की ओर जा रही थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 20 महिलाओं का इलाज जारी है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। आज की अन्य खबरें… कश्मीर के अनंतनाग और कुलगाम हमलों में शामिल था स्थानीय आतंकी, घाटी में विदेशी आतंकी अब भी एक्टिव, पुलिस ने दी जानकारी कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सुजीत कुमार ने गुरुवार को बताया कि अनंतनाग और कुलगाम में हुए हमलों में एक स्थानीय आतंकी शामिल था। घाटी में कुछ विदेशी आतंकी भी सक्रिय हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों से मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि विदेशी आतंकियों की सही संख्या बताना मुश्किल है, क्योंकि वे लगातार अपनी जगह बदलते रहते हैं। अनंतनाग में 22 जून को अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी आशिक हुसैन कुरैशी की हत्या हुई थी। वहीं, कुलगाम में एक ईंट भट्ठे पर छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों दीपक रत्रे और बोपिंदर की हत्या कर दी गई थी। इन हमलों में शामिल आरोपी की पहचान कुलगाम के मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई थी। उस पर लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े होने का आरोप है। दिल्ली के चावड़ी बाजार बिल्डिंग हादसे में 3 ठेकेदार गिरफ्तार, 2 की मौत हुई थी, रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को भी मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी रही। गिरफ्तार ठेकेदारों की पहचान सिराज, ताजुद्दीन और फरकान के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सिरोही गांव के रहने वाले हैं। हादसा गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ था। तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई थी और पांच घायल हुए थे। केरलम के कोझिकोड में दो बाइक की टक्कर, एक की मौत; 2 घायल केरलम के कोझिकोड में शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात करीब 9:30 बजे वप्पोलिथाझम में हुआ। मृतक की पहचान कन्नूर जिले के अंचमपीडिका निवासी संजाद महमूद के रूप में हुई है। वह अपनी बाइक से वप्पोलिथाझम जनता रोड की ओर मुड़ रहा था। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे। टक्कर के बाद महमूद सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कलकत्ता हाईकोर्ट ने नगर निगम चुनाव पर लगाई रोक, वार्ड परिसीमन पर अंतिम फैसले तक नहीं होंगे चुनाव कलकत्ता हाईकोर्ट की वेकेशन बेंच ने याचिका मंजूर करते हुए पश्चिम बंगाल राज्य चुनाव आयोग को कोलकाता नगर निगम (KMC) चुनाव कराने से रोक दिया है। यह रोक तब तक रहेगी, जब तक वार्डों के परिसीमन को चुनौती देने वाली याचिका पर अंतिम फैसला नहीं आ जाता। कोर्ट ने सिंगल बेंच के उस आदेश में बदलाव किया है, जिसमें नगर निगम चुनाव से पहले चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने से इनकार कर दिया गया था। याचिका में वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 करने के फैसले को चुनौती दी गई थी। भारतीय नौसेना को सौंपा गया स्वदेशी एंटी-सबमरीन युद्धपोत अमिनी, 80% से ज्यादा उपकरण स्वदेशी भारतीय नौसेना को गुरुवार को स्वदेशी एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट (ASW SWC) अमिनी सौंपा गया। इसे कोलकाता की गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) ने डिजाइन और तैयार किया है। 5 नवंबर को तमिलनाडु के कट्टुपल्ली में नौसेना को इसकी डिलीवरी दी गई। भारतीय नौसेना ने कहा कि अमिनी समुद्र की गहराई में दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाने और उनसे मुकाबला करने में सक्षम है। इसका नाम केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के अमिनी द्वीप के नाम पर रखा गया है। यह पुराने INS अमिनी का नया रूप है। इस युद्धपोत में 80% से ज्यादा स्वदेशी उपकरण और तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। नौसेना के मुताबिक, इससे घरेलू रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और आयात पर निर्भरता कम होगी। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। CJI बोले- आम नागरिकों के लिए जिला अदालत जरूरी, वकीलों को उनका भरोसा जीतना चाहिए CJI सूर्यकांत ने कहा है कि कोई भी आम नागरिक न्याय पाने की उम्मीद और कई तरह की चिंताओं के साथ सबसे पहले जिला अदालत ही पहुंचता है, इसलिए वकीलों को डॉक्टर की तरह उनका भरोसा जीतना चाहिए। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में आयोजित एक सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि जैसे अस्पताल पहुंचते ही मरीज को ढांढस बंधाने से उसकी आधी तकलीफ दूर हो जाती है, वैसे ही वकीलों को भी मुवक्किल को सही कानूनी सलाह देकर राहत देनी चाहिए। कार्यक्रम में देश के शीर्ष जजों और वकीलों ने हिस्सा लिया, जहां महिला वकीलों की भूमिका, नए वकीलों को सिखाने में सीनियर्स के योगदान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कानूनी बिरादरी की मजबूत स्थिति पर बात हुई। दिल्ली के गफ्फार मार्केट की दुकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियां पहुंचीं दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे आग लग गई। आग पूड़ी प्लाजा के 13 ब्लॉक की एक दुकान में लगी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बढ़ने के बाद कुल 22 दमकल वाहन तैनात किए गए। इनमें वाटर टेंडर और पानी के टैंकर समेत अन्य आपातकालीन वाहन शामिल थे। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है। प्रफुल्ल पटेल ने मुंबई के अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात की NCP नेता प्रफुल्ल पटेल ने मुंबई के अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात की। उन्होंने शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पवार छाती में दर्द की शिकायत के बाद से अस्पताल में भर्ती हैं। चावड़ी बाजार में इमारत हादसे में 5 लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे एक निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। हादसे में अब तक चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि बेसमेंट में पांच और लोगों के दबे होने की आशंका है। अधिकारियों के मुताबिक, एक छोटे से प्लॉट पर चार मंजिला अवैध ढांचा खड़ा किया जा रहा था और कंक्रीट सूखने से पहले ही उसका अस्थायी सपोर्ट (सेंट्रिंग) हटा दिया गया, जिससे पूरी इमारत भरभराकर गिर पड़ी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)