हरदोई में मारपीट में घायल महिला की मौत:बिजली का केबल हटाने को लेकर हुआ था विवाद, बेटे ने चाचा पर आरोप लगाया

Nov 11, 2026 - 20:13
0
हरदोई में मारपीट में घायल महिला की मौत:बिजली का केबल हटाने को लेकर हुआ था विवाद, बेटे ने चाचा पर आरोप लगाया
हरदोई के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जरौली नेवादा गांव में मारपीट में घायल 45 वर्षीय कुसुमा की मंगलवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके बेटे मधुर ने अपने चाचा और उनके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। बुधवार दोपहर करीब 1 बजे शव का पंचनामा भरा गया। टड़ियावां थाना क्षेत्र के अटवा-कटैया निवासी पूरन लाल ने बताया कि उन्होंने 25 साल पहले अपनी बेटी कुसुमा की शादी जरौली नेवादा निवासी बलराम से की थी। करीब दो दशक पहले बलराम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसके बाद कुसुमा अपने दोनों बेटों मधुर और अतुल का पालन-पोषण कर रही थीं। कुसुमा और उनके चाचा के मकान आसपास हैं। पूरन लाल के मुताबिक, जमीन और घरेलू मामलों को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से मनमुटाव था। मृतका के बेटे मधुर ने बताया कि 4 नवंबर को उसकी मां कुसुमा की बकरी चाचा की छत पर चली गई थी। इस पर उन्होंने विरोध किया। अगले दिन यानी 5 नवंबर को कुसुमा ने अपनी छत से चाचा का बिजली का केबल हटा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान कुसुमा पर धारदार हथियार से हमला किया गया। परिजन कुसुमा को पहले बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और फिर मेडिकल कॉलेज ले गए। मंगलवार शाम करीब 5:05 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बुधवार दोपहर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मधुर ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन वह अपनी मां के साथ थाने गए थे। कुसुमा ने खुद भी तहरीर दी थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामला दूसरी कोतवाली क्षेत्र का है। शव का पंचनामा भरा गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User