डीएम-एसएसपी ने यमुना घाटों का निरीक्षण किया:यम द्वितीया पर स्नान के लिए पहुंचे लाखों श्रद्धालु; सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम देखे
मथुरा में बुधवार को यम द्वितीया (भाई दूज) पर्व पर यमुना स्नान के लिए उमड़े लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने शाम करीब 5 बजे यमुना के प्रमुख घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्टीमर के माध्यम से यमुना में भ्रमण कर जल सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने यमुना में स्नान कर रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाटों पर भीड़ नियंत्रण और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए किए गए इंतजामों को परखा। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि यम द्वितीया पर्व पर देश के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु मथुरा पहुंचे हैं। श्रद्धालु पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ यमुना में स्नान कर भाई दूज का पर्व मना रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पर्व को देखते हुए घाटों पर जगह-जगह पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। इसके साथ ही खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया गया है, जिससे बिछड़े हुए लोगों को उनके परिजनों से मिलाने में मदद मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को स्नान और दर्शन के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े। पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को मुस्तैद रखा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)