भाजपा नेता जेल में, घर से 4 लाइसेंसी असलहे चोरी:भाई बोले- CCTV में दिखे चोर लाखों के गहने-कैश भी ले गए

Nov 11, 2026 - 07:06
0
भाजपा नेता जेल में, घर से 4 लाइसेंसी असलहे चोरी:भाई बोले- CCTV में दिखे चोर लाखों के गहने-कैश भी ले गए
प्रयागराज में अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव हत्याकांड के मुख्य आरोपी भाजपा नेता देवेंद्र नाथ मिश्रा के घर में चोरी के मामले में मंगलवार को एफआईआर दर्ज कर ली गई। उनके भाई रविंद्र नाथ मिश्रा की ओर से कर्नलगंज पुलिस को बताया गया कि घर से चार लाइसेंसी असलहे और लाखों के गहने-कैश चोरी हुआ है। चोरी गए असलहों में तीन राइफल और एक डबल बैरल बंदूक है। उन्होंने यह भी बताया है कि घर लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर नजर आए हैं, जिनमें से तीन आशीष यादव उर्फ शनि, सूरजभान सिंह और सूरज पासी और तीन-चार अज्ञात हैं। कर्नलगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। भाई ने तहरीर में क्या कहा, 'मैं रविंद्र नाथ मिश्र भेलूपुर वाराणसी का निवासी हूं। मेरे छोटे भाई देवेंद्र नाथ मिश्रा चांदपुर सलोरी थाना कर्नलगंज के रहने वाले हैं। वर्तमान में संपत्ति विवाद से संबंधित प्रकरण में वह जिला कारागार, प्रयागराज में निरुद्ध हैं और उनके घर में 15 अक्टूबर 2026 से ताला लगा था। 8 नवंबर की रात 12:30 बजे से भोर में 4:30 बजे के बीच उनके घर में चोरी की घटना हुई। इसमें उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यम से यह पाया गया की चोरी में सूरज पासी पुत्र रंगीले उर्फ भग्गू, सूरजभान सिंह, आशीष यादव उर्फ शनि व 3-4 अज्ञात शामिल रहे। ये सभी पड़ोसी के घर की छत से आंगन में कूद कर मेरे भाई के घर से चार लाइसेंसी बंदूक, घर में रखे लाखों रुपये के पुश्तैनी सोने-चांदी के गहने और लाखों रुपये नगदी के अलावा आवश्यक दस्तावेज बोरी में भरकर चोरी करके ले गए। जो असलहे चोरी हुए उनमें देवेंद्र और उनके बेटे की राइफल, एक राइफल मझले भाई सुरेंद्र नाथ मिश्र और एक दोनाली बंदूक भांजे सुजीत शुक्ला की थी।' सुरक्षित मिला था मुख्य दरवाजे पर लगा ताला इस मामले में एक खास बात यह रही कि घटना की सूचना मिलने पर सोमवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले की जांच की तो वह सुरक्षित मिला। हालांकि छत से सीढ़ियों पर जाने वाले रास्ते पर लगा पर्दा हटा हुआ था। भाई ने भी तहरीर में यही बताया है कि छत के रास्ते चोर घर में दाखिल हुए। हत्या के बाद से चर्चा में है देवेंद्र का परिवार अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की 15 अक्टूबर को सलोरी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पड़ोसी भाजपा नेता देवेंद्र नाथ मिश्रा मुख्य आरोपी है। पुलिस उसे और उसके बेटे नृपेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, देवेंद्र की पत्नी शैल मिश्रा और बेटा अमरेंद्र नाथ मिश्रा भी नामजद आरोपी हैं और घटना के बाद से फरार हैं। दोनों की अग्रिम जमानत याचिका सेशन कोर्ट से खारिज हो चुकी है। हत्या का मामला पड़ोस की एक जमीन पर कब्जे को लेकर चले आ रहे विवाद से जुड़ा है। अब आरोपियों के घर चोरी की घटना से मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया, तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। परिजनों ने तीन नामजद व अन्य अज्ञात पर रिपोर्ट लिखाई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कराई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User