कानपुर में छठ के लिए सजने लगे घाट:बेदियां बनाने और घाटों को चमकाने में जुटे लोग, 13 नवंबर से शुरू होगा महापर्व

Nov 11, 2026 - 07:06
0
कानपुर में छठ के लिए सजने लगे घाट:बेदियां बनाने और घाटों को चमकाने में जुटे लोग, 13 नवंबर से शुरू होगा महापर्व
कानपुर में आस्था और प्रकृति उपासना का प्रतीक छठ महापर्व 13 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। छठ पूजा के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में तैयारियां चल रही हैं। पनकी पावर हाउस नहर स्थित छठ पूजा घाट पर पूर्वांचल समाज के लोग अपने स्तर से घाटों की सफाई, पूजा के लिए वेदियों का निर्माण और अन्य व्यवस्थाएं करने में जुटे हैं। यहां भव्य छठ मां की प्रतिमा श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। यहां हर साल हजारों श्रद्धालु डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। यहां पर्व के दौरान विशेष रौनक देखने को मिलती है। छठ पूजा के दौरान व्रती और उनके परिवार के अन्य सदस्य दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाकर घाट तक पहुंचाते हैं। देखिए 3 तस्वीरें… छठ घाटों पर बन रही बेदियां शहर में पूर्वांचल और बिहार की करीब 8 से साढ़े 8 लाख आबादी इस पर्व को पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मनाती है। करीब 50 से 55 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया जाता है। इनमें गंगा के घाट, नहरें और विभिन्न स्थानों पर बनाए गए कृत्रिम तालाब शामिल हैं। इन सभी जगहों पर घाटों की साफ-सफाई, पूजा की वेदियां बनाने और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परिवार की खुशहाली के लिए होती है छठ पूजा छठ महापर्व सूर्य देव और छठी मइया की आराधना का पर्व है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में स्वच्छता और शुद्धता का विशेष महत्व होता है। व्रती महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना के साथ करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखती हैं। इस दौरान डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। छठ पर्व की शुरुआत बिहार से मानी जाती है, लेकिन समय के साथ यह त्योहार देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी पूर्वांचल और बिहार के लोगों के बीच बड़े उत्साह के साथ मनाया जाने लगा है। नहाय-खाय से होगी शुरुआत चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। पहले दिन व्रती महिलाएं स्नान कर शुद्धता के साथ भोजन ग्रहण करती हैं। 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा समापन 15 नवंबर को छठ पूजा का मुख्य दिन होगा। इस दिन व्रती महिलाएं परिवार के साथ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके अगले दिन यानी 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही व्रत का पारण होगा और चार दिवसीय महापर्व का समापन हो जाएगा। गंगा घाटों से लेकर नहरों तक दिखेगी आस्था की रौनक छठ पूजा के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में तैयारियां चल रही हैं। पूर्वांचल समाज के लोग अपने स्तर से घाटों की सफाई, पूजा के लिए वेदियों का निर्माण और अन्य व्यवस्थाएं करने में जुटे हैं। पनकी पावर हाउस नहर स्थित छठ पूजा घाट पर हर साल हजारों श्रद्धालु डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। यहां पर्व के दौरान विशेष रौनक देखने को मिलती है। शाम के समय जब श्रद्धालु नहर के किनारे पूजा के लिए एकत्र होते हैं और डूबते सूर्य की किरणें पानी पर पड़ती हैं, तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। घाटों पर दीपों की रोशनी, छठी मइया के पारंपरिक गीत और पूजा-पाठ की गूंज महापर्व की खूबसूरती को और बढ़ा देती है। इसी तरह गंगा के विभिन्न घाटों और शहर के अन्य पूजा स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी। बाजारों में छठ पूजा की रौनक महापर्व की तैयारियों का असर अब शहर के बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए लोग बड़ी संख्या में बाजार पहुंच रहे हैं। पूजा में विशेष रूप से इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप और टोकरी, दौरा, नारियल, गन्ना, केला, मौसमी फल, ठेकुआ बनाने की सामग्री और अन्य पूजन सामग्री की मांग बढ़ गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User