अरविंद राजभर बोले-अखिलेश जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाते हैं:जौनपुर में जाफराबाद-केराकत पर फोकस, यूपी की 84 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
जौनपुर पहुंचे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश जनता के मुद्दों से ध्यान हटाते हैं और उनके पास लोगों की जरूरतों से जुड़ा कोई मिशन नहीं है। राजभर ने सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय लोगों को नौकरी नहीं मिल रही थी, थानों में दबंगई होती थी और जमीनों पर कब्जे किए जा रहे थे, जबकि सैफई महोत्सव में नाच-गाना हो रहा था। सपा सरकार के कामकाज पर उठाए सवाल अरविंद राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने गोरखपुर ही नहीं, पूरे देश में उत्तर प्रदेश की छवि खराब की। उन्होंने कहा कि अखिलेश को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपनी सरकार के कामकाज की समीक्षा करनी चाहिए। राजभर ने पिछली सपा सरकार पर दलित, अल्पसंख्यक और अति पिछड़े समाज के लोगों की जमीन और अनाज लूटने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस दौरान महिलाओं से दुष्कर्म के मामले दर्ज नहीं किए गए। राजभर ने कहा कि एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों का सनातन पर विश्वास मजबूत किया है। उनके मुताबिक, सनातन की बात होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम सबसे पहले आता है। गोरखपुर के वाटर रिवर फ्रंट, पार्कों, इमारतों और व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास कार्य कराए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव इन कामों पर तंज कस रहे हैं, जबकि गरीब और अति पिछड़े वर्ग के लोग आज भी समस्याओं से जूझ रहे हैं। अयोध्या जाने पर अखिलेश की तारीफ भी की अरविंद राजभर ने अखिलेश यादव के अयोध्या जाने को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि अखिलेश हिंदुत्व की परंपराओं को स्वीकार कर रहे हैं। राजभर ने आरोप लगाया कि पहले अखिलेश मस्जिद और मदरसों में जाते थे, टोपी पहनकर नमाज पढ़ते थे और मूर्ति पूजा को ढकोसला बताते थे। अब वे हनुमान चालीसा और रामकथा की बात कर रहे हैं। जाफराबाद और केराकत सीटों पर पार्टी का फोकस सुभासपा महासचिव ने जाफराबाद और केराकत विधानसभा सीटों पर पार्टी का विशेष फोकस बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश की 84 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। जाफराबाद विधानसभा क्षेत्र में पांच जन चौपाल आयोजित करने का कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी के कार्यक्रमों के अलग-अलग चरण पूरे हो चुके हैं। राजभर ने आजमगढ़ जिले के आईटीआई कॉलेज मैदान में 6 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल होंगे। ओमप्रकाश राजभर को बताया सबसे बड़ा बाहुबली अरविंद राजभर ने अपने पिता और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को बाहुबली बताते हुए कहा कि मीडिया, शो, सेलिब्रिटी या सामाजिक संगठन में उनके नाम के बिना खबर नहीं बनती। उन्होंने कहा कि उनके पिता जैसा बाहुबली प्रदेश में कोई नहीं है और लोग उनके पीछे दीवाने हैं। यूजीसी और आर्थिक आधार पर होने वाली लड़ाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के लिए यूजीसी की बात आई तो दबदबा बनाने वाले लोग सड़क पर खड़े हो गए, लेकिन आर्थिक आधार पर लड़ाई की बात आई तो वे पीछे हट गए। राजभर ने कहा कि उस समय बाहुबली के तौर पर उनके पिता का नाम सामने आया। अखिलेश के इंटरनेट बंद होने के आरोप को बताया बेबुनियाद गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान इंटरनेट बंद होने के आरोप पर अरविंद राजभर ने इसे बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ था, इसलिए इंटरनेट बंद होने की बात सही नहीं है। उनके मुताबिक, सुरक्षा के लिए उनके साथ चलने वाले जैमर की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई गई थी, जिससे नेटवर्क पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट बंद करके कुछ हासिल नहीं होने वाला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)