ऑन डिमांड तैयार की जा रहीं थी नकली दवाएं:मेरठ खैरनगर दवा बाजार तक पहुंची सप्लाई की कड़ियां, नारकोटिक्स की नकली दवा भी मिली
हिमाचल प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार का जो खेल एसटीएफ और एफएसडीए ने पकड़ा है, उसकी जड़ें देशभर के बड़े दवा बाजारों तक फैली हुई हैं। गोदामों पर छापेमारी में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यहां पहले से दवाएं तैयार करके रखने के बजाय बाजार की मांग के मुताबिक ऑन डिमांड नकली दवाएं बनाई जा रही थीं। तीन तस्वीरें देखें… एसटीएफ के मुताबिक, गोदामों से ऐसी दवाएं मिली हैं, जिनकी दवा बाजार में काफी अधिक मांग है। इनमें नारकोटिक्स श्रेणी की नकली दवाएं भी शामिल हैं। फैक्ट्री संचालक सुनील कुमार पिछले एक साल में करोड़ों रुपये की नकली दवाएं देश के बड़े दवा बाजारों में खपा चुका है। इस खुलासे के बाद एशिया के सबसे बड़े दवा बाजार मेरठ के खैरनगर में भी खलबली मची हुई है। एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड सुनील कुमार है। एएसपी एसटीएफ बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक, सुनील मूलरूप से बदायूं का रहने वाला है। वह पहले भी वाराणसी में नकली दवाओं के मामले में जेल जा चुका है। इसके बावजूद उसने करीब एक साल पहले हिमाचल प्रदेश के सोलन में किराये पर मकान लेकर नकली दवाएं तैयार करने का सेटअप खड़ा कर लिया। उसने ऐसे लोगों को अपने साथ जोड़ा, जिन्हें रोजगार की जरूरत थी। किसी को पैकिंग की जिम्मेदारी दी तो किसी को तैयार माल की डिलीवरी का काम सौंप दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी सुनील की तलाश जारी है। जरूरतमंदों को नौकरी का लालच देकर बनाया नेटवर्क
सुनील ने नकली दवाओं का कारोबार चलाने के लिए बाकायदा कर्मचारियों का नेटवर्क तैयार किया था। इसके लिए वह ऐसे लोगों की तलाश करता था, जिन्हें काम की जरूरत हो। मोनू की मुलाकात उसके एक दोस्त ने सुनील से कराई थी। सुनील ने उसे 16 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने के साथ रहने और खाने की सुविधा मुफ्त देने का लालच दिया। मोनू इसके लिए तैयार हो गया। शुरुआत में उसे दवाओं की पैकिंग का काम सिखाया गया। कुछ समय बाद उसने पैकिंग की पूरी जिम्मेदारी संभाल ली। मोबाइल रिपेयरिंग छोड़ डिलीवरी के काम में लगा हसीन
इस नेटवर्क में दूसरा आरोपी मोहम्मद हसीन था। हिमाचल प्रदेश के बद्दी में उसकी मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान थी, लेकिन काम अच्छा नहीं चल रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात सुनील से हुई। सुनील ने उसे अपने यहां काम करने के लिए तैयार कर लिया। हसीन पिछले करीब सात महीने से इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। उसका काम तैयार नकली दवाओं को कुरियर और दूसरे माध्यमों से अलग-अलग जगहों पर पहुंचाना था। इस तरह सुनील ने उत्पादन से लेकर पैकिंग और सप्लाई तक की जिम्मेदारियां अलग-अलग लोगों को सौंप रखी थीं। बाजार की मांग के हिसाब से तैयार होती थीं दवाएं
एसटीएफ के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यहां बाजार की मांग के हिसाब से नकली दवाएं तैयार की जाती थीं। जिन दवाओं की बाजार में ज्यादा मांग होती थी, उन्हीं का उत्पादन किया जाता था। छापेमारी के दौरान ऐसी दवाएं मिली हैं, जिनकी खपत काफी अधिक है। नारकोटिक्स श्रेणी की नकली दवा मिलने से जांच एजेंसियां भी हैरान हैं। इससे साफ है कि यह कोई छोटा-मोटा कारोबार नहीं, बल्कि बाजार की मांग और सप्लाई को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा संगठित नेटवर्क था। सुनील की गिरफ्तारी से खुलेगा करोड़ों के कारोबार का राज
एसटीएफ फिलहाल मुख्य आरोपी सुनील कुमार की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद ही इस पूरे नेटवर्क की परतें खुल सकेंगी। जांच में यह पता लगाया जाना है कि पिछले एक साल में कितनी मात्रा में नकली दवाएं तैयार की गईं और देश के किन-किन राज्यों में उनकी सप्लाई हुई। इसके अलावा इस गैरकानूनी कारोबार में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। दवाओं की खरीद, पैकिंग, कुरियर और सप्लाई से जुड़े लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। खैरनगर तक पहुंच सकती हैं सप्लाई की कड़ियां
हिमाचल में नकली दवाओं के इस बड़े खुलासे के बाद मेरठ के खैरनगर दवा बाजार में भी हलचल है। खैरनगर एशिया के सबसे बड़े दवा बाजारों में शामिल है। देशभर से यहां दवाओं का कारोबार होता है। ऐसे में एसटीएफ की जांच का एक अहम पहलू यह भी होगा कि सुनील के नेटवर्क से तैयार नकली दवाएं किन-किन दवा बाजारों तक पहुंचीं। हालांकि, फिलहाल खैरनगर में किसी कारोबारी की संलिप्तता सामने आने की पुष्टि नहीं हुई है। सुनील की गिरफ्तारी और सप्लाई चेन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नकली दवाओं का यह नेटवर्क मेरठ तक किस हद तक पहुंचा था। यह दवा की गई मौके से बरामद
- VD-Ceft 1 gm इंजेक्शन एक एंटीबायोटिक दवा है, जिसमें मुख्य रूप से सेफ्ट्रिएक्सोन होता है। इसका उपयोग शरीर में होने वाले गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण (जीवाणु संक्रमण) के इलाज के लिए किया जाता है। - VD-Levo-M (वीडी-लेवो-एम) एक एंटी-एलर्जिक कॉम्बिनेशन दवा है, जिसमें मुख्य रूप से लेवोसेटिरिज़िन और मोंटेलुकास्ट मौजूद होते हैं। इसका उपयोग एलर्जी के लक्षणों, सर्दी-जुकाम और सांस की नली में होने वाली सूजन को कम करने के लिए किया जाता है। - VD-Pan-D (वीडी-पैन-डी) गैस, एसिडिटी, सीने में जलन और अपच के इलाज के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक कॉम्बिनेशन दवा है। इसमें मुख्य रूप से पैंटोप्राजोल और डोम्पेरिडोन मौजूद होते हैं। - Cureen-Vit (क्योरीन-विट / क्यूरेविट) एक मल्टीविटामिन और मल्टीमिनरल सप्लीमेंट है। इसका उपयोग मुख्य रूप से शरीर में पोषक तत्वों की कमी को पूरा करने, कमजोरी दूर करने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए किया जाता है। - VD-Cef-200 (वीडी-सेफ-200) एक एंटीबायोटिक दवा है, जिसका उपयोग शरीर में होने वाले विभिन्न बैक्टीरियल संक्रमण के इलाज के लिए किया जाता है। इसमें मुख्य रूप से सेफिक्सिम या सेफपोडोक्सिम मौजूद होता है। - VD-Ceft-SB-1.5gm (वीडी-सेफ्ट-एसबी-1.5 ग्राम) एक शक्तिशाली एंटीबायोटिक इंजेक्शन है, जिसका उपयोग मध्यम से लेकर गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण के इलाज के लिए किया जाता है। इसमें दो मुख्य दवाएं होती हैं: सेफ्ट्रियाक्सोन और सल्बैक्टम। - VD Clav-625 LB (वीडी क्लैव-625 एलबी) एक एंटीबायोटिक और प्रोबायोटिक कॉम्बिनेशन दवा है, जिसका उपयोग विभिन्न प्रकार के बैक्टीरियल संक्रमण के इलाज के लिए किया जाता है। इसमें मुख्य रूप से तीन घटक होते हैं: एमोक्सिसिलिन, क्लैवुलैनिक एसिड और लैक्टोबैसिलस। - Elixs सिरप खांसी और सामान्य सर्दी-जुकाम के लक्षणों से राहत दिलाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक कॉम्बिनेशन दवा है। इसमें मुख्य रूप से तीन दवाएं होती हैं: क्लोरफेनिरामाइन मैलिएट, डेक्सट्रोमेथॉर्फन हाइड्रोब्रोमाइड और फेनिलेफ्राइन। नारकोटिक्स की नकली दवा भी शामिल
जिला मेरठ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल का कहना है कि ड्रग माफियाओं की चेन बहुत लंबी है। पूर्व में भी इस तरह का खेल उजागर हो चुका है, जिसका संगठन विरोध करता रहा है। हिमाचल की नकली दवाओं में नारकोटिक्स की नकली दवा भी शामिल हैं जो देखने में असल प्रतीत होती हैं। एसटीएफ व एफएसडीए को अब उन लोगों को बेनकाब करना चाहिए जो ऐसे गिरोह का हिस्सा हैं और दवाओं के नाम पर जहर बेच रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)