NEET छात्रा मौत: पप्पू यादव का बड़ा दावा, कांड से 2 नेताओं का कनेक्शन जोड़ा, नाम भी बताया

राजधानी पटना में पिछले महीने (जनवरी) हुई नीट छात्रा की मौत मामले में सांसद पप्पू यादव लगातार आवाज उठा रहे हैं. इस बीच सोमवार (16 फरवरी, 2026) की रात वे अपने फेसबुक अकाउंट से लाइव आए. अपनी बात कहते हुए उन्होंने एक चौंकाने वाला दावा किया. फेसबुक लाइव में दो नेताओं का नाम पप्पू यादव ने लिया और नीट छात्रा कांड से जोड़ा.
लाइव में सांसद पप्पू यादव ने कहा, “बोरिंग रोड के नागेश्वर कॉलोनी में कौन से ऐसे नेता हैं जिनका नाम संजय है… अंतिम नाम नहीं बोलूंगा, जिसका घर खगड़िया है. इनके ऑफिस में कौन-कौन जाता था, इनके सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच करिए. क्या उसमें मनीष रंजन जाते थे या नहीं? कौन है एक गुप्ता…? जिसका अगला नाम नहीं बोलूंगा… जैसे संजय के बाद का नाम नहीं बोला, वैसे ही गुप्ता के पहले का नाम नहीं बोलूंगा…”
‘साजिश के तहत मेरी बेटी को मारा’
सांसद पप्पू यादव ने फेसबुक लाइव के दौरान कहा कि नीट छात्रा की मौत आत्महत्या नहीं है. साजिश के तहत प्रभात मेमोरियल और कुछ प्रशासन के लोगों ने मेरी बेटी को मारा है. मैं सुप्रीम कोर्ट तक ये केस लडूंगा. दावा किया कि डॉक्टरों ने नशा में रखने वाली सुई छात्रा को दी. उन्होंने कहा, “मेरे पास पूरा सबूत है.” इसके साथ ही पप्पू यादव ने कई और गंभीर आरोप लगाए. कई सवाल भी उठाए.
सीबीआई कर रही है मामले की जांच
बता दें कि नीट छात्रा की मौत की गुत्थी नहीं सुलझ सकी है. एसआईटी को जांच का जिम्मा दिया गया था लेकिन कुछ भी स्पष्ट नहीं हुआ. परिजनों और आम जनता का भरोसा जीतने के लिए सरकार ने इस केस की जांच सीबीआई से कराने का निर्णय लिया. सीबीआई ने जांच शुरू भी कर दी है. अब देखना होगा कि सीबीआई की ओर से इस केस में आगे क्या कुछ रिपोर्ट दी जाती है.
यह भी पढ़ें- बिहार: CBI जांच के बीच NEET छात्रा के परिजनों को मिली हत्या की धमकी, ‘सब मारा जाएगा’



