देश

नेपाल चुनाव पर भारत का साथ: 72 घंटे सील रहेगी अंतरराष्ट्रीय सीमा, तैयार हो गई पूरी रणनीति!

Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

इंडो-नेपाल क्रॉस बॉर्डर ज्वाइंट सिक्योरिटी कोआर्डिनेशन कमेटी की ऑनलाइन बैठक उत्तर प्रदेश के जनपद महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और बिहार के पश्चिमी चंपारण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नेपाल के रूपनदेही, कपिलवस्तु व नवलपरासी जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच संपन्न हुई. बैठक में नेपाल में आगामी चुनाव के मद्देनजर सीमा की निगरानी, सीमा पर कानून व्यवस्था, सीमाद्योतक चिन्हों, नोमेंस लैंड के सुंदरीकरण, मानव तस्करी, नशीली दवाओं, शराब, खाद और अन्य वस्तुओं की तस्करी को रोकने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई.

बैठक में कई मुद्दों पर हुई गहन चर्चा

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नेपाली प्रशासन के पांच मार्च की मध्यरात्रि से 72 घंटे पूर्व अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील करने के अनुरोध पर शासन के निर्देशानुसार आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया. उन्होंने नेपाल में शुचितापूर्ण चुनाव को सुनिश्चित कराने को लेकर सभी जरूरी सहयोग का आश्वासन दिया. दोनों पक्षों ने संयुक्त गश्त और सीमा पर अवैध गतिविधियों को रोकने को लेकर परस्पर सहयोग के अन्य उपायों को अपनाने को लेकर भी जोर दिया. वहीं, सीमापारीय व्यापार को बढ़ाने, अवैध व्यापार और तस्करी में सलंग्न लोगों पर प्रभावी अंकुश लगाने पर भी चर्चा की.

कई विषयों में सूचना साझा करने का भी अनुरोध

जिलाधिकारी ने सीमारेखा की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमा पर अतिरिक्त सतर्कता का भी अनुरोध किया. उन्होंने अन्य विषयों में सूचना साझा करने का भी अनुरोध किया, ताकि बाढ़ से बचाव के लिए जरूरी इंतजाम किए जा सके.

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कहा कि महाराजगंज पुलिस की ओर से साझा की गई वांछित अपराधियों की सूची पर जरूरी कार्यवाही करने का अनुरोध किया. उन्होंने सीमापारीय तस्करी के संदर्भ में भी ज्वाइंट पेट्रोलिंग और सीमा पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का अनुरोध किया.

तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के विषय पर मंथन

बैठक में दोनों पक्षों ने सीमा पर कानून व्यवस्था बनाए रखने, सीमाद्योतक चिन्हों के सुदृढ़ीकरण, तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के विषय में भी विस्तार से चर्चा की और समुचित कार्यवाही पर सहमति व्यक्त की. दोनो पक्षों ने परस्पर संवेदनशील और महत्वपूर्ण सूचनाओं को साझा करने पर भी सहमति व्यक्त की.

जिलाधिकारी ने बेहद सौहर्द्रपूर्ण और सकारात्मक माहौल में बैठक आयोजित करने के लिए नवलपरासी के मुख्य जिला अधिकारी का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन महाराजगंज की ओर से हम आश्वस्त करते हैं कि नेपाल में चुनाव सकुशल और शुचितापूर्ण ढंग से संपादित हो, इसके लिए सभी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा. उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंधों को और बेहतर करने के लिए हमारी ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा.

नेपाल में पांच मार्च को संसद के प्रतिनिधि सभा का होगा चुनाव

नवलपरासी के मुख्य जिला अधिकारी ने भारत की ओर से उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों का बैठक में सम्मिलित होने के लिए आभार व्यक्त किया और नेपाल–भारत के बेहतर संबंधों के लिए लगातार सहयोग का आश्वासन दिया. नेपाल में पांच मार्च को संसद के प्रतिनिधि सभा का चुनाव को होना है, जिसको लेकर नेपाली प्रशासन की ओर से समन्वय समिति की बैठक की गई. बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार और उपजिलाधिकारी नौतनवा, उपजिलाधिकारी निचलौल व सीओ नौतनवां सहित वरिष्ठ अधिकारी सम्मिलित रहे.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!