इंदौर: प्रेमिका की हत्या कर मुंबई भागा प्रेमी, होटल में ‘आत्मा’ बुलाने की कोशिश, गिरफ्तार

इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की ‘अंकल गली’ में हुए सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. चार दिन बाद फ्लैट से मिली युवती की सड़ी-गली लाश के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी पीयूष धामनोतिया को मुंबई से गिरफ्तार किया है. पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी ने पूछताछ में जो खुलासे किए हैं, वे रोंगटे खड़े करने वाले हैं. हत्या की वजह चरित्र पर शक और शादी को लेकर चल रहा विवाद बताई गई है.
डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के मुताबिक, मृतका और आरोपी पीयूष कॉलेज के समय से दोस्त थे और लंबे समय से रिलेशनशिप में थे. पीयूष ने ही द्वारकापुरी में वह फ्लैट किराए पर लिया था. घटना वाले दिन दोनों आपसी विवाद सुलझाने के लिए फ्लैट पर पहुंचे थे. वहां पहले दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने, लेकिन थोड़ी ही देर बाद शादी की बात और चरित्र पर शक को लेकर फिर झगड़ा शुरू हो गया.
फ्लैट पर ताला लगाकर हो गया फरार
पीयूष को शक था कि उसकी प्रेमिका मोबाइल ऐप्स के जरिए अन्य लड़कों से बात करती है. इसी गुस्से में उसने प्रेमिका का गला घोंट दिया. वहशीपन की हद यह थी कि मारने के बाद उसने शव को रस्सी से भी बांधा. वारदात के बाद वह काफी देर तक शव के पास ही बैठा रहा और फिर फ्लैट पर ताला लगाकर फरार हो गया.
होटल के कमरे में की तांत्रिक क्रिया
हत्या करने के बाद पीयूष की मानसिक स्थिति बेहद अजीबोगरीब हो गई थी. वह इंदौर से भागकर महाराष्ट्र के पनवेल पहुंचा. जांच में सामने आया कि वहां उसने एक होटल में कमरा लिया और रात भर ‘तांत्रिक क्रियाएं’ करता रहा. उसने होटल के कमरे में मृतका की ‘आत्मा’ को बुलाने का प्रयास भी किया. इसके बाद वह पुलिस से बचने के लिए मुंबई पहुंचा और रात भर लोकल ट्रेनों में भटकता रहा. सबूत मिटाने के लिए उसने मृतका का मोबाइल भी नष्ट कर दिया था. फिलहाल पुलिस आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है.



