आगरा एयरफोर्स स्टेशन में मिला पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस लिखा गुब्बारा, जांच एजेंसी अलर्ट

उत्तर प्रदेश के आगरा में एयरफोर्स स्टेशन परिसर के तकनीकी एरिया में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस लिखा एक गुब्बारा बरामद हुआ. गुब्बारे पर उर्दू में भी कुछ शब्द लिखे हुए थे तथा उसकी आकृति जहाज नुमा थी. गुब्बारे में 8 से 10 मीटर लंबा धागा बंधा हुआ था. इस संबंध में टेक्निकल एयरपोर्ट स्टेशन आगरा से थाना शाहगंज को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और एयरफोर्स स्टेशन के अधिकारियों के साथ मिलकर गुब्बारे की जांच की गई.
जांच के दौरान बैलून में किसी भी प्रकार की कोई सर्विलांस डिवाइस या टॉक्सिक गैस नहीं पाई गई. एसीपी गौरव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बैलून उड़कर आया हुआ प्रतीत हुआ है. एयर फोर्स स्टेशन अधिकारी की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. गुब्बारे को जांच के बाद थाना शाहगंज पुलिस को सौंप दिया गया. इस संबंध में धारा 292 BNS के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया है.
पुलिस और एजेंसियों ने शुरू की जांच
पुलिस और खुफिया एजेंसी मामले की जांच में जुटी हैं. एसीपी ने कहा है कि मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है. थाना शाहगंज क्षेत्र का यह मामला फिलहाल जांच के दायरे में है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में कोई तथ्य सामने आते हैं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से पड़ताल कर रही है.
किसी की शरारत या साजिश ?
गुब्बारे के मिलने के बाद कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में भले ही कुछ न मिला हो, लेकिन एयरफोर्स एरिया में इस तरह की गतिविधि ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अभी पुलिस या एजेंसी गुबारे के सोर्स तक भी नहीं पहुंच पाई है. जबकि ये पूरा इलाका संवेदनशील श्रेणी में आता है.



