‘यहां बुलडोजर नहीं चलेगा…’, महोबा में पानी की टंकी फटने पर अखिलेश यादव ने जल मिशन को कहा कमीशन मिशन

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में महोबा में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी फटने की घटना पर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने अखबार में छपी खबर को कोट करते हुए इसे भ्रष्टाचार का परिणाम बताया है. यह घटना ब्लॉक जैतपुर के ग्राम नगाराडांग में 4 फरवरी को हुई, जब टेस्टिंग के एक दिन बाद ही टंकी फट गई थी.
क्या है पूरा मामला?
ब्लॉक जैतपुर के ग्राम नगाराडांग में नमामि गंगे के तहत संचालित जल जीवन मिशन की हर घर नल से जल योजना में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है. वर्ष 2025 में बनाई गई पानी की टंकी 3 फरवरी को टेस्टिंग के लिए भरी गई थी. बताया गया कि 4 फरवरी को दोपहर करीब तीन बजे टंकी अचानक फट गई और हजारों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो गया. घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं.
गिरती टंकी समाचार : फ़रवरी 2026.
महोबा में भाजपा के भ्रष्टाचार के बोझ को न उठा पायी पानी की टंकी।
यहाँ बुलडोज़र नहीं चलेगा क्योंकि भ्रष्टाचार की पाइप लाइन महोबा से लखनऊ तक, जलापूर्ति की जगह धनापूर्ति कर रही है।
ये ‘जल मिशन’ नहीं, ‘कमीशन-मिशन’ है।
भाजपा जाए तो पानी मिल पाए! pic.twitter.com/fwxWcis0Tr
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 16, 2026
यहां बुलडोजर नहीं चलेगा- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि महोबा में बीजेपी के भ्रष्टाचार का बोझ पानी की टंकी नहीं उठा पाई. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यहां बुलडोजर नहीं चलेगा क्योंकि भ्रष्टाचार की पाइपलाइन महोबा से लखनऊ तक जलापूर्ति की जगह धनापूर्ति कर रही है. उन्होंने आगे लिखा कि यह जल मिशन नहीं बल्कि कमीशन मिशन है. उनके बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और सरकार पर पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.
शिकायत और प्रशासनिक कार्रवाई
ग्राम प्रधान गायत्री ने टंकी फटने की शिकायत डीएम गजल भारद्वाज और एडीएम नमामि गंगे से की है. उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण में बड़े स्तर पर सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत और प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बीच भी योजना को लेकर कहासुनी की खबरें सामने आई हैं. मंत्री ने 30 दिन में सभी गांवों में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद काम में तेजी लाई गई थी.



