UP Weather: यूपी में ठंड की विदाई शुरू, नोएडा से लखनऊ तक बढ़ा तापमान, अगले 24 घंटों में यहां होगी बारिश

उत्तर प्रदेश में अब सर्दियां अलविदा कहने को तैयार हो गई हैं. मौसम एकदम बदल गया है, दिन के समय में तेज धूप निकल रही हैं जिससे गर्मी का एहसास हो रहा है. प्रदेश में आज 16 फरवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान जताया गया है. लेकिन कल से कुछ जिलों में बादलों का आवाजाही रहने का अनुमान हैं. कहीं-कहीं बूंदाबादी भी हो सकती हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में मौसम शुष्क ही रहेगा. सुबह के समय आसमान साफ़ रहेगा और दिन चढ़ने के साथ ही धूप निकलेगी. धूप के साथ अब गर्मियों के मौसम ने भी दस्तक देना शुरू कर दिया है. राजधानी लखनऊ से लेकर मेरठ, वाराणसी, गोरखपुर अयोध्या समेत प्रदेश के सभी जिले आज ग्रीन जोन में बने हुए हैं.
लखनऊ से नोएडा तक कैसा रहेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में सुबह के समय आसमान एकदम साफ हैं, दिनभर खिली-खिली धूप निकलेगी. शाम के समय हल्की ठंडक का एहसास होगा. लखनऊ में अब धीरे-धीरे तापमान बढ़ने लगा है. यहां आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान हैं. वहीं दिल्ली से सटे नोएडा-गाजियाबाद में भी आज मौसम साफ रहेगा.
17 फरवरी मंगलवार से प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसका असर पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में देखने को मिल सकता है. इस दौरान आगरा-मथुरा व आसपास के इलाकों में काले बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है. कहीं-कहीं हल्की बूँदाबांदी होने का भी अनुमान है. हालांकि इससे सर्दी में कोई ख़ास असर नहीं पड़ेगा.
आगरा-मथुरा में बारिश होने का अनुमान
मौसम विभाग ने 17-18 फरवरी को पश्चिमी संभाग के कुछ जिलों में बारिश होने के आसार जताए हैं. इस दौरान ताज नगरी आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, इटावा, कासगंज और हाथरस व आसपास के इलाकों में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की आशंका जताई गई है. इस दौरान तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है.
IMD के मुताबिक़ बारिश की वजह से तापमान में कोई ख़ास परिवर्तन नहीं होगा. अगले सात दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. जिसकी वजह से प्रदेश का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार जाने का अनुमान है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक़ इस बार फरवरी का महीना सामान्य से अधिक गर्म रह सकता है.
‘मुंह काला कर पाकिस्तान को भेजा’, टीम इंडिया की जीत पर अयोध्या के संतों ने बांटी मिठाई



