‘राहुल गांधी अपरिपक्व हैं, उन्हें अर्थव्यवस्था की समझ नहीं’, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर उठाए सवाल तो भड़के पीयूष गोयल

भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस संसद से लेकर सड़क तक विपक्ष पर हमलावर है. केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कि उन्हें अपरिपक्व बताया और कहा कि उन्हें अर्थव्यवस्था की कोई समझ नहीं है. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का आरोप है कि प्रस्तावित ट्रेड डील में ऐसी शर्तें हैं, जिससे भारत के किसानों का नुकसान होगा. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि विपक्ष के पास नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना के लिए कोई सही एजेंडा नहीं है, इसलिए वह भ्रामक सूचनाएं फैला रहा है.
किसानों को गुमराह कर रहे राहुल गांधी: पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार (14 फरवरी 2026) को कहा, ‘राहुल गांधी सच से हजारों मील दूर हैं और उनके जैसा विश्वनीयता खो चुका नेता, चाहे लाख कोशिश कर ले, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी राष्ट्र सेवा को नहीं रोक सकता. कांग्रेस हताश है. उसके पास झूठे और मनगढ़ंत दावे करने के अलावा अन्य कोई योजना या समाधान नहीं है. उनके पास हमारी आलोचना करने का कोई ठोस आधार नहीं है. वे गलत जानकारी फैलाकर किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं.’
राहुल गांधी को अर्थव्यवस्था की समझ नहीं: पीयूष गोयल
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपनी सीमाओं को समझने में विफल रही है. उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी को अर्थव्यवस्था की कोई समझ नहीं है, वे केवल सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक बातें लिखते हैं. वह सच से मीलों दूर हैं. भारत की कपास उत्पादन क्षमता और आवश्यकता दोनों बढ़ेंगी. कच्चा माल आयात कर उसे प्रोसेस्ड कर निर्यात करना ग्लोबल ट्रेड में पुराना तरीका है.’
किसानों को लेकर राहुल गांधी का सरकार पर आरोप
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि अमेरिका के मुकाबले भारत को 18 फीसदी टैरिफ बनाम 0 फीसदी की स्थिति में क्यों रखा जा रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि इस डील से भारत के किसानों, खासकर कपास उत्पादकों और टेक्सटाइल सेक्टर का नुकसान होगा. कांग्रेस नेता के इन आरोपों पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने तंज कसते हुए कहा कि जब अपरिपक्व लोग राजनीति में आते हैं तो इस स्तर के आरोप लगाए जाते हैं.
सरकार ने किसानों के हितों की रक्षा की: पीयूष गोयल
केंद्रीय मंत्री ने इससे पहले 13 फरवरी स्पष्ट किया था कि भारत ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील में किसानों के हितों की पूरी तरीके से रक्षा की है. उन्होंने कहा कि जब हम अमेरिका के साथ ट्रेड डील के लिए बातचीत कर रहे थे, उसमें हम एक चीज को लेकर बिल्कुल स्पष्ट थे कि हमें अपने किसानों के हितों की रक्षा करनी है. उन्होंने कहा, ‘जिन क्षेत्रों में हमारे देश में उत्पादन सबसे अधिक है और हमारा देश आत्मनिर्भर है, उन क्षेत्रों को इस डील से बाहर रखा गया है.’



