राजस्थान बजट को लेकर कांग्रेस नेता सचिन पायलट की पहली प्रतिक्रिया, ‘मुझे आश्चर्य है कि…’

राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में बुधवार (11 फरवरी) को पेश किया. इस बजट को लेकर विपक्षी पार्टी के नेता और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने प्रदेश की सरकार को घेरा है. कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता भी नाउम्मीद हो चुकी है. बार-बार घोषणाएं होती हैं और बजट के दिन जनता की सारें उम्मीदें धराशाई हो जाती हैं. इस बजट से न तो किसान को और ना ही नौजवानों को कुछ मिलने वाला है. लंबा बजट भाषण पढ़ दिया लेकिन धरातल पर कोई योजना कारगर साबित नहीं होगी.
मुझे बड़ा ही अजीब तरह का बजट लगा- सचिन पायलट
उन्होंने कहा, ”महंगाई कम करने की बात की गई. मुझे आश्चर्य है कि आज सरकार ने कहा कि हमारा वित्तीय प्रबंधन बहुत अच्छा है. आपका राजकोषीय घाटा बढ़ रहा है, लोन बढ़ रहा है और 35-40 हजार करोड़ रुपये आपको और लेना पड़ेगा. इंजन डबल है, आपकी सरकार केंद्र में है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोलते हैं कि देश का प्रधान सेवक हूं लेकिन यहां बात राजा और प्रजा की हो रही है. मुझे बड़ा ही अजीब तरह का बजट लगा.”
बजट में किसान, नौजवान, महिलाओं को कोई राहत नहीं- पायलट
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने आगे कहा, ”मुझे लगा नहीं कि यहां पर जनता की आवाज को सुना गया है. यहां तक की सत्ताधारी दल के प्रतिनिधि हैं, उनकी भी बहुत सारी मांगें होंगी लेकिन कोई ध्यान दिया नहीं गया. मुझे बहुत ज्यादा उम्मीद पहले ही नहीं थी लेकिन आज बजट भाषण सुनने के बाद लगा कि सरकार सिर्फ खानापूर्ति कर रही है. लंबा भाषण पढ़ दिया लेकिन धरातल पर इनमें से कोई योजना कारगर साबित नहीं होगी. जो लोग आज परेशान हैं, किसान, नौजवान, महिलाएं और मध्यमवर्ग को सरकार ने कोई राहत नहीं दी है.”
राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को सदन की बैठक शुरू होते ही प्रदेश के वित्त वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान और वित्त वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान विधानसभा में पेश किए. बजट भाषण के दौरान उन्होंने कहा, ”पीएम नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए प्रदेश को आर्थिक समृद्धि, सतत और समावेशी विकास के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए हम लगातार प्रयासरत हैं.”



