Azamgarh News: प्राचीन शिव मंदिर व सार्वजनिक भूमि पर निर्माण को लेकर ग्रामीणों में रोष, पुलिस विभाग पर जबरन निर्माण का आरोप


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत बिलरियागंज थाना क्षेत्र के ग्राम पटवध कौतुक में सार्वजनिक भूमि पर थाना भवन निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि आ०नं० 102, 104 व सटे अन्य गाटा संख्या की जमीन, जो वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में रही है, उस पर पुलिस विभाग द्वारा जबरन थाना निर्माण कराया जा रहा है।ग्रामीणों के अनुसार उक्त भूमि पर प्राचीन शिव मंदिर, ठाकुरवाड़ी एवं पक्का पोखरा स्थित है। यही स्थल गांव की धार्मिक आस्था का केंद्र है, जहां प्रतिवर्ष धार्मिक उत्सव, अनुष्ठान, मेला तथा अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थान केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि उनकी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। ग्रामीणों ने बताया कि इस भूमि को लेकर मामला सिविल जज सीनियर डिवीजन एफटीसी आजमगढ़ की अदालत में वाद संख्या 476 सन् 2011 (शशिभूषण बनाम स्टेट) के रूप में विचाराधीन है। साथ ही माननीय उच्च न्यायालय में भी प्रकरण लंबित बताया जा रहा है। इसके बावजूद 06 फरवरी 2026 को पुलिस विभाग द्वारा मौके पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया, जिससे गांव व क्षेत्र के लोगों में असंतोष फैल गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि यहां थाना भवन का निर्माण हो गया तो वर्षों से चली आ रही धार्मिक गतिविधियां, मेले और सार्वजनिक आयोजन पूर्णतः बंद हो जाएंगे। इससे न केवल धार्मिक परंपराओं को आघात पहुंचेगा, बल्कि सामाजिक एकता पर भी असर पड़ेगा।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि न्यायालय में मामला विचाराधीन होने तक निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोका जाए, ताकि कानून व्यवस्था के साथ-साथ ग्रामीणों की भावनाओं का भी सम्मान हो सके।
इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई है।



