आजमगढ़ में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, गो-तस्कर घायल; एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने दी जानकारी


आजमगढ़ जिले के एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि थाना जहानागंज पुलिस द्वारा रात्रि गश्त एवं संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान गो-तस्करी की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम गंभीरवन के पास घेराबंदी की। स्वयं को घिरा देख अभियुक्तों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।पुलिस द्वारा बार-बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बावजूद अभियुक्त नहीं माने, जिस पर आत्मरक्षार्थ पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इस कार्रवाई में एक गो-तस्कर मोहीम अहमद पुत्र दिलशेर अहमद, निवासी कोटिला (कंकाली टोला), थाना रानी की सराय, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 32 वर्ष, गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक अन्य साथी मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुनील कुमार पुत्र शोभनाथ, निवासी जलाईपुर ऊँचेगांव, थाना रानी की सराय, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप में हुई है।
घायल अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व से गोवध, गौ-तस्करी, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट एवं पशु क्रूरता सहित कुल 08 मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा एक गोवंश बरामद किया गया है। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु सदर अस्पताल आजमगढ़ भेजा गया है।उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एडिटर आफताब आलम



