UP: गोरखपुर में खेत से युवक का खून से लथपथ शव बरामद, सीने में धंसा था चाकू

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद में थाना गीडा क्षेत्र के गांव पेवनपुर में उस समय सनसनी फैल गयी, जब शनिवार सुबह यहां सरसों के खेत में खून से लथपथ एक युवक का शव बरामद हुआ. उसके सीने में चाकू धंसा हुआ था, और शरीर पर कई जगह घाव थे. युवक की पहचान नौसढ़ निवासी अभिषेक सिंह के रूप में हुई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज छानवीन शुरू कर दी है.
घटनास्थल पर शराब की खाली बोतलें और पानी के पाउच भी बरामद हुए हैं. इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वारदात से पहले शराब पी गयी थी. पिता विजय सिंह ने हत्या का आरोप लगाया है. इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों में काम करने निकले तो उन्होंने सरसों के खेत में खून से लथपथ युवक का शव देखा. जिसकी पहचान अभिषेक सिंह (18) के रूप में हुई. वह हाई स्कूल का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ वेटर का काम भी करता था. हत्यारों ने धारदार हथियार से उसके ऊपर वार किए हैं. शव पर कई जगह घाव मिले.
यही नहीं घटनास्थल से 20 मीटर की दूरी पर शराब की बोतलें और पानी के पाउच भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले शराब पार्टी भी हुई है. शायद जानने वाले भी शामिल हो सकते हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं. अभी तहरीर नहीं मिली है. FIR दर्ज होने के बाद जांच आगे बढ़ेगी और हत्यारों तक पहुंचने में ये साक्ष्य अहम साबित होंगे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, साथ ही परिजनों से भी पूछताछ जारी है. वहीं इस घटना ने नवागत एसएसपी डॉ कौस्तुभ को जॉइनिंग के साथ ही बड़ी चुनौती दे दी है.



