‘भारत का पेट्रोलियम मंत्री डोनाल्ड ट्रंप है या हरदीप सिंह पुरी?’, ट्रंप की धमकी को लेकर फायर हुए ओवैसी

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस धमकी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की बात कही थी.
करीमनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने सीधे सवाल उठाया कि क्या भारत का पेट्रोलियम मंत्री ट्रंप है या हरदीप सिंह पुरी? अपने अंदाज में ओवैसी ने कहा, “अमेरिका में बैठा एक गोरी चमड़ी वाला इंसान हमें धमकी दे रहा है कि अगर हमने रूस से तेल खरीदा तो वह 25 प्रतिशत टैक्स लगा देगा.” उन्होंने मौजूदा केंद्रीय मंत्री (जो कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे) को भी आड़े हाथों लिया.
ओवैसी ने सरकार को घेरा
ओवैसी ने कहा, “मैं यहां के एमपी साहब से पूछना चाहता हूं, क्योंकि वे केंद्रीय मंत्री हैं, क्या वे यह सुन रहे हैं? यह बीजेपी-आरएसएस का राष्ट्रवाद है? यह आपकी देशभक्ति है?” ओवैसी ने आर्थिक मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि अगर भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा, तो इसका फायदा सीधा चीन को होगा, जो पूरा सस्ता तेल खरीद लेगा.
उन्होंने ‘नयारा’ कंपनी का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक रूसी कंपनी है और अगर वह भारत में तेल लाएगी तो क्या ट्रंप उस पर भी टैरिफ लगाएंगे? उन्होंने कटाक्ष किया कि बीजेपी नेताओं के चेहरे पर दाढ़ी, सिर पर टोपी और शरीर पर शेरवानी होती है, लेकिन उनका यह रूप आम जनता के लिए परेशानी खड़ा करता है।
क्या कहा था ट्रंप ने
डोनाल्ड ट्रंप ने हाल के दिनों में अपने बयानों में कहा था कि अगर भारत (BRICS देशों के संदर्भ में) डॉलर की जगह अपनी करेंसी बनाता है या रूस से तेल खरीदता है, तो अमेरिका कड़ी कार्रवाई करेगा. ओवैसी ने इस बयान को भारत की संप्रभुता पर हमला करार दिया. अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा, “ऐसा केंद्रीय मंत्री है जो ट्रंप से डरता है, लेकिन रोजाना ओवैसी को गाली देता है.” उन्होंने करीमनगर की जनता से अपील की कि वे उन नेताओं को पहचानें जो विदेशियों के दबाव में देश की बाजी गंवाने पर आमादा हैं.
ये भी पढ़ें
बर्फबारी के कारण लद्दाख और कश्मीर के बीच संपर्क टूटा, कारगिल में IAF ने यात्रियों को किया रेस्क्यू



