बलिया : हथियार संग फोटो वायरल करना पड़ा भारी, महिला गिरफ्तार – पिस्टल और 7 कारतूस बरामद
सोशल मीडिया पर तस्वीर अपलोड करने के बाद पुलिस की रेड, महिला बोली – पिस्टल पुरुष मित्र का था। पिस्टल और 7 कारतूस बरामद

बलिया/बक्सर।
सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए अपनी तस्वीर वायरल करना एक महिला को महंगा पड़ गया। टाउन थाना पुलिस ने छापा मारकर महिला को गिरफ्तार कर लिया और मौके से एक पिस्टल व सात कारतूस बरामद किए। पुलिस ने महिला को जेल भेज दिया है। मामला बक्सर शहर के सोहनीपट्टी मोहल्ले का है। पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए तस्वीर अपलोड कर रही है। जांच में पता चला कि महिला का नाम नेहा उर्फ हिना है, जो मोहल्ले में किराए के मकान में रहती है। सूचना पुख्ता होने पर टाउन थाना पुलिस ने नेहा के कमरे पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए। मौके पर ही महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में नेहा ने बताया कि वह शादीशुदा है, लेकिन पति से अलग रहती है। किराये पर रह रही इस महिला ने दावा किया कि पिस्टल और गोलियां उसके पुरुष मित्र ने दिए थे। पुलिस अब उस युवक की भी तलाश कर रही है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारबाजी कर तस्वीरें और वीडियो वायरल करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



