ब्रेकिंग न्यूज़

ड्यूटी के दौरान PAC जवान ने रायफल से की आत्महत्या, पूजा कर लगाया था मंदिर का स्टेटस

अमरोहा। जन्माष्टमी के दिन 24वीं वाहिनी PAC के जवान हिमांशु (30) ने ड्यूटी के दौरान अपनी सरकारी इंसास रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार और गांव में गहरा सदमा है।

सुबह मंदिर गए, फिर लगाया स्टेटस

मूलरूप से तहसील के गांव ईश्वरदेवा निवासी हिमांशु 2019 में PAC में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती सीतापुर स्थित केंद्रीय आयुध भंडार की सुरक्षा में थी। शनिवार सुबह सात से 10 बजे तक उनकी ड्यूटी टॉवर संख्या-1 पर लगी थी।

ड्यूटी पर जाने से पहले हिमांशु ने PAC परिसर में स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और भगवान के दर्शन का स्टेटस सुबह सात बजे अपने मोबाइल पर लगाया। परिवार को खुशी थी कि जन्माष्टमी के दिन वह मंदिर गया था, लेकिन डेढ़ घंटे बाद मिली खबर ने सबको तोड़ दिया।

गोली मारकर दी जान

करीब साढ़े आठ बजे सीतापुर PAC कार्यालय से सूचना मिली कि हिमांशु ने ड्यूटी के दौरान अपनी इंसास रायफल से खुद को गोली मार ली है। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिवार में कोहराम

मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी मोना (निवासी हसनपुर, बिजनौर) बेसुध हो गईं। परिजन रोते-बिलखते सीतापुर के लिए रवाना हो गए। हिमांशु का विवाह एक साल पहले ही हुआ था। उनका स्वभाव बेहद हंसमुख बताया जा रहा है।

आत्महत्या का कारण अज्ञात

परिजनों का कहना है कि वह पूरी तरह सामान्य लग रहे थे और आत्मघाती कदम क्यों उठाया, यह किसी को समझ नहीं आ रहा है। फिलहाल पुलिस ने उनका मोबाइल कब्जे में ले लिया है। कॉल डिटेल और अन्य जांच से आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!