ब्रेकिंग न्यूज़

आज़मगढ़: मंदिर में प्रेम विवाह के बाद दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप,

संदिग्ध परिस्थितियों में मिली विवाहिता का शव

आज़मगढ़। जनपद के तरवा थाना क्षेत्र के पकड़ी कला गांव निवासी गंगा प्रसाद की 18 वर्षीय पुत्री प्रीति की मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया है। शुक्रवार सुबह प्रीति का शव मंगई नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव उसके ससुराल से करीब दो किलोमीटर दूर रासेपुर के पास पानी में उतराता हुआ पाया गया।   सूचना मिलने पर जहानागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, प्रीति का प्रेम संबंध नेतपुर, जहानागंज निवासी सूरज कुमार से था। दोनों ने 21 नवंबर 2024 को मंदिर में विवाह किया था। बताया जा रहा है कि परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं था, लेकिन थाने में हुई मध्यस्थता के बाद शादी संपन्न कराई गई।  शादी के कुछ दिनों बाद ही प्रीति के ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग और प्रताड़ना शुरू हो गई। इस मुद्दे पर तीन बार पंचायत भी हुई और मामला थाने तक पहुंचा। समझौते के बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ।आरोप है कि गुरुवार को सूरज, प्रीति को लेकर कहीं गया और शाम को अकेले घर लौटा। अगले दिन सुबह 5:30 बजे मंगई नदी में प्रीति का शव मिला। पुलिस को मौके से प्रीति का आधार कार्ड और ई-श्रम कार्ड बरामद हुआ, जिसके आधार पर शव की पहचान हुई।  मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज उत्पीड़न के चलते प्रीति की हत्या की गई है। उन्होंने सूरज और उसके परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।   पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश है। परिजन ससुराल पक्ष पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!