युवक की मौत मामले में पिता-पुत्र गिरफ्तार:अंडे के पैसे के विवाद में मारपीट, इलाज के दौरान दम तोड़ा
चित्रकूट के बरगढ़ थाना क्षेत्र के लपांव गांव में अंडे के पैसे को लेकर हुए विवाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, लपांव निवासी रामगोविंद ने थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 10 बजे उनका बेटा सरदारी लाल और उनके भाई का बेटा सौरभ उर्फ बिल्लू गांव की एक दुकान पर अंडे खाने गए थे। इसी दौरान पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। 10 नवंबर को हुई थी मौत आरोप है कि कैलाश और उसके बेटे धीरू ने सरदारी लाल को गाली देते हुए लाठी-डंडों से पीटा। हमले में सरदारी लाल के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। वह मौके पर बेहोश होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और वहां से चले गए। परिजन सरदारी लाल को डायल-112 की मदद से मऊ अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल कर्वी रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे शंकरगढ़ स्थित सद्गुरु अस्पताल ले गए, जहां 10 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शुरुआत में मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। युवक की मौत के बाद मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस बढ़ाई गई। एसपी अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर बरगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 10 नवंबर को कैलाश पुत्र स्वर्गीय रामसजीवन सिंह पटेल और उसके बेटे धीरू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों लपांव गांव के निवासी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)