ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का आरोपी मर्चेंट नेवी कर्मचारी अरेस्ट:बिजनौर में दो साथी फरार, पुलिस तलाश में जुटी

Nov 10, 2026 - 17:15
0
ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का आरोपी मर्चेंट नेवी कर्मचारी अरेस्ट:बिजनौर में दो साथी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
बिजनौर की किरतपुर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में मर्चेंट नेवी में तैनात एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का ट्रैक्टर और ट्रॉली बरामद कर ली है। आरोपी मुंबई में करीब दो साल से नौकरी कर रहा था। उसके दो साथी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। घेर से चोरी की थी ट्रॉली एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने मंगलवार दोपहर दो बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, नया गांव (मोहम्मद अलीपुर सुखानंद) निवासी जयप्रकाश पुत्र सागर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घेर से ट्रैक्टर की ट्रॉली चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान योगेश उर्फ रितिक पुत्र अशोक कुमार निवासी नया गांव, हनी पुत्र राजू निवासी झलरी, थाना कोतवाली शहर और मनीष पिता खिलेंद्र निवासी रामपुर नौआबाद, थाना हल्दौर के नाम सामने आए। पुलिस ने मंगलवार को योगेश उर्फ रितिक को गिरफ्तार कर लिया। मोतीचूर के पास खाली जमीन पर छिपाया था ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस के अनुसार, पूछताछ में योगेश ने बताया कि उसने चार-पांच नवंबर की रात हनी और मनीष के साथ मिलकर जयप्रकाश के घेर से ट्रॉली चोरी की थी। हनी चोरी के लिए जॉन डियर ट्रैक्टर लेकर आया था। इसके बाद तीनों ने ट्रैक्टर और ट्रॉली को मोतीचूर के पास एक भट्ठे के नजदीक कबाड़ी के गोदाम के पास खाली जमीन पर छिपाकर खड़ा कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, तीनों पिछले चार-पांच दिनों से चोरी की ट्रॉली बेचने की कोशिश कर रहे थे। योगेश की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर और ट्रॉली बरामद कर ली। मुंबई में डेक कैडेट के पद पर था तैनात एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार योगेश मुंबई में मर्चेंट नेवी में डेक कैडेट के पद पर तैनात था और करीब दो साल से नौकरी कर रहा था। मामले में शामिल हनी और मनीष अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User