तीन हस्तियों को मतदाता जागरूकता की जिम्मेदारी मिली:मिर्जापुर में ऊषा गुप्ता, उर्मिला श्रीवास्तव और निधि पटेल स्वीप आइकन नियुक्त

Nov 20, 2026 - 07:39
0
तीन हस्तियों को मतदाता जागरूकता की जिम्मेदारी मिली:मिर्जापुर में ऊषा गुप्ता, उर्मिला श्रीवास्तव और निधि पटेल स्वीप आइकन नियुक्त
मिर्जापुर। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनपद की तीन प्रमुख हस्तियों को स्वीप आइकन नियुक्त किया है। इनमें अंतरराष्ट्रीय लोकगीत एवं कजली गायिका ऊषा गुप्ता, पद्मश्री लोकगायिका उर्मिला श्रीवास्तव और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं पावर लिफ्टिंग प्रशिक्षिका निधि पटेल शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर चल रहे विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को देखते हुए यह नियुक्ति की गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संचालित स्वीप (सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) योजना के तहत तीनों आइकन मतदाताओं को जागरूक करने में अपनी भूमिका निभाएंगी। निधि पटेल को जनपद स्वीप आइकन के रूप में नियुक्त किया गया है। वह क्षेत्रीय खेल कार्यालय में पावर लिफ्टिंग प्रशिक्षिका एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव को भी जनपद स्वीप आइकन बनाया गया है। अंतरराष्ट्रीय लोकगीत एवं कजली गायिका ऊषा गुप्ता को दिव्यांग आइकन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तीनों अपने-अपने क्षेत्र की पहचान और उपलब्धियों के माध्यम से मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा मतदान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगी। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना और आगामी चुनाव में मतदाता सहभागिता बढ़ाना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User